पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश, कुछ ही घंटों में पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोचाइंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित एक कैफे में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और पूर्व में हुए विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है।पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को विदुर नगर स्थित आर-वन कैफे में एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। गंभीर रूप से घायल युवक क्रिश श्रीवास्तव की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद थाना द्वारकापुरी में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान आरोपी अनिकेत पाल, अंकित पाल, गौरव और आकाश की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई।विवेचना में सामने आया कि 22 मई 2026 को मृतक क्रिश श्रीवास्तव और आरोपी अनिकेत पाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। अगले दिन क्रिश ने इस विवाद की जानकारी अपने मित्र आदर्श जोशी को फोन पर दी थी। आदर्श ने बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में सुरक्षित रखी और बाद में उसे आरोपी अंकित पाल को साझा कर दिया।रिकॉर्डिंग सुनने के बाद अनिकेत पाल, अंकित पाल और शिवम पाल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर क्रिश की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत आदर्श जोशी ने क्रिश को फोन कर विदुर नगर स्थित आर-वन कैफे बुलाया। जैसे ही क्रिश कैफे पहुंचा, आदर्श ने इसकी सूचना अन्य आरोपियों को दे दी।इसके बाद आरोपी अनिकेत पाल, अंकित पाल, गौरव, आकाश, शिवम, अश्विन, करण और अभिषेक मौके पर पहुंचे और एकराय होकर धारदार हथियारों से हमला कर क्रिश को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।पुलिस ने लगातार दबिश, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में घटना में प्रयुक्त हथियारों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत पाल, गौरव उर्फ काला, अंकित पाल, आकाश उर्फ छोटू चौधरी, शिवम पाल, अश्विन चौहान, करण अमोलिया, आदर्श जोशी और अभिषेक उर्फ डबल शामिल हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में द्वारकापुरी पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन अब अखबार में खाना परोसने पर होगी कार्रवाई, FSSAI ने जारी की सख्त चेतावनी विश्व पर्यावरण दिवस पर रालामंडल में हुआ वृक्षारोपण