कटनी। ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम बम्होरी में सरकारी एवं पट्टे की भूमि से जुड़े कथित जमीन घोटाले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने SIR फाउंडेशन के पदाधिकारियों, उसके मुख्तियार तथा तत्कालीन हल्का पटवारी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग करते हुए कटनी कलेक्टर को नामजद शिकायत सौंपी है।संगठन के तहसील अध्यक्ष डॉ. रणजीत पटेल द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सरकारी एवं अहस्तांतरणीय पट्टे की भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों में हेरफेर के माध्यम से संस्था के नाम दर्ज कराया गया था। शिकायत में दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।शिकायत के अनुसार, ग्राम बम्होरी स्थित खसरा नंबर 143 की 3.02 हेक्टेयर शासकीय भूमि तथा खसरा नंबर 164 की 1.47 हेक्टेयर अहस्तांतरणीय पट्टे की भूमि को नियमों के विपरीत संस्था के नाम दर्ज कराया गया। आरोप है कि वर्ष 2007 में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के भूमि के दस्तावेज तैयार किए गए और बाद में वर्ष 2024 में नामांतरण की प्रक्रिया के जरिए राजस्व रिकॉर्ड में परिवर्तन किया गया।मामले को लेकर अपर कलेक्टर न्यायालय कटनी ने राजस्व प्रकरण क्रमांक 0747/बी-121/2025-26 में 12 मई 2026 को आदेश पारित किया था। न्यायालय ने अपने आदेश में संबंधित भूमि के संबंध में अनियमितताओं को स्वीकार करते हुए लगभग 4.5 हेक्टेयर भूमि को पुनः मध्यप्रदेश शासन के खाते में दर्ज करने के निर्देश दिए थे।शिकायतकर्ता का कहना है कि भूमि वापस शासन के खाते में दर्ज हो जाने के बावजूद कथित फर्जीवाड़े और रिकॉर्ड में हेरफेर करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई आवश्यक है। आवेदन में तत्कालीन हल्का पटवारी, संस्था के मुख्तियार सुरेंद्र तिवारी तथा अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।उधर, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर अब शिकायत की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन राजस्थान में रिहायशी मकानों में नए व्यवसाय पर सख्ती, बिना अनुमति दुकान या ऑफिस खोलना होगा मुश्किल दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग, 20 से अधिक लोगों की मौत की आशंका