बालाघाट। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के तहत बालाघाट पुलिस ने विशेष प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का शुभारंभ किया है। 36वीं वाहिनी परिसर, कनकी में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और संवेदनशील पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन श्री ललित शाक्यवार के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जिला पुलिस, एसएएफ, नगर सैनिक, रेडियो, एसबी और डीएसबी सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। आईजी श्री शाक्यवार ने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण आयोजन है। इसकी सफलता के लिए प्रशिक्षित, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, अफवाह नियंत्रण और श्रद्धालुओं से बेहतर संवाद स्थापित करने के गुर भी बताए। पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने बताया कि आगामी छह माह तक चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जाएंगे, जो जिले के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी सेवाएं देने के लिए तैयार करना है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन परिवहन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले, सात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी 21 हजार 485 करोड़ रूपये की स्वीकृति