मंदसौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए 20 किलोग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) जब्त की है। इस कार्रवाई में अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में नई आबादी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुनियोजित घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर निगरानी और घेराबंदी की गई। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेने पर 20 किलो ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक सुजुकी एस-क्रॉस और एक हुंडई क्रेटा सहित दो लग्जरी कारें भी जब्त की हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। पुलिस मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी हेमंत वर्मा और मोना सेन के अलावा राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के राहुल मीणा, सुभाष उर्फ पिंटू नाहर तथा जितेंद्र उर्फ कारू मीणा शामिल हैं। वहीं अजीज उर्फ एजाज निवासी प्रतापगढ़ फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मध्यप्रदेश और राजस्थान में सक्रिय होकर मादक पदार्थों की सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त की गई ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, सप्लायरों, फाइनेंसरों और खरीददारों की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नई आबादी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, साइबर सेल एवं नई आबादी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन दिल्ली जिमखाना क्लब पर संकट, 100 साल पुराने प्रतिष्ठित संस्थान को खाली करने का नोटिस सीकर में सांड का कहर, एक ही दिन में ANM सहित दो लोगों की मौत