क्राइम ब्रांच की दो अलग-अलग कार्रवाई, नशा तस्करी के आरोपी से 12 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त; साइबर ठगी के 45 हजार रुपए पीड़िता को वापस दिलाए इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने नशा तस्करी और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में दो अलग-अलग कार्रवाई की हैं। पहली कार्रवाई में पुलिस ने स्नेहलतागंज स्थित पशु चिकित्सालय के सामने से एक युवक को 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में OLX पर मोबाइल खरीदने के नाम पर हुई 61 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को 45 हजार रुपए वापस दिलाए। ब्राउन शुगर के साथ 26 वर्षीय युवक गिरफ्तार क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 नवंबर को टीम स्नेहलतागंज क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पशु चिकित्सालय के सामने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान एजाज उर्फ पिन्टू (26), निवासी तुकोगंज, इंदौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी एमआईजी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27 के तहत प्रकरण दर्ज है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0201/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। उससे मादक पदार्थ के सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। 96 मामलों में 210 आरोपी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 96 प्रकरण दर्ज कर 210 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.50465 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 479.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 59 लाख 42 हजार रुपए मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं। OLX पर मोबाइल खरीदने के नाम पर 61 हजार की ठगी दूसरे मामले में इंदौर निवासी एक महिला OLX पर मोबाइल खरीदने के लिए संपर्क में आई थी। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर बताकर सस्ते दाम पर फोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने सैमसंग स्टोर संचालक को भी गुमराह किया और महिला से अपने बैंक खाते में 61 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने बैंकिंग समन्वय और वैधानिक प्रक्रिया के जरिए ठगी गई राशि में से 45 हजार रुपए वापस कराए। शेष राशि की वापसी और आरोपी की तलाश के प्रयास जारी हैं। पुलिस की साइबर एडवाइजरी क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में भुगतान न करें। सामान खरीदते समय भुगतान सीधे दुकानदार या अधिकृत काउंटर पर ही करें तथा सस्ते दाम और भारी डिस्काउंट के लालच से बचें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल इंदौर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049124445, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या वेबसाइट http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बागपत में वर्ल्ड इलेक्ट्रो होम्योपैथी ऑर्गेनाइजेशन ने किया होलिस्टिक थैरेपीज़ सेंटर का शुभारंभ The CEC Stands Impeached