(आलेख : सुदीप दत्ता, अनुवाद : संजय पराते)

1 दिसंबर की सर्द सुबह एक लाख मज़दूर लाल झंडे को अपने हाथों में थामकर, सत्ताधारी वर्ग को अपनी पीड़ा और व्यथा सुनाने के लिए, अपनी मांगों के नारों को बुलंद करते हुए, दिल्ली में संसद की तरफ मार्च करेंगे! यह देश के सामाजिक-राजनीतिक विमर्श में अपना वाजिब स्थान पुनः हासिल करने के लिए दावेदारी करने भारतीय मज़दूर वर्ग का एक अभूतपूर्व प्रदर्शन होगा। लेकिन एक लाख मज़दूर यह असाधारण कदम उठाने के लिए क्यों मजबूर है? वे इतनी बड़ी संख्या में अपनी ताकत दिखाने के लिए देश की राजधानी में क्यों जुट रहे हैं?

भारतीय मज़दूर किसी भी सभ्य समाज के सबसे बुनियादी अधिकार — भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत गारंटीकृत ‘जीवन और आजीविका के अधिकार’ — की माँग कर रहे हैं। हाँ, हम हर पल मर रहे हैं! आज़ादी के अस्सी साल बाद, एनसीआरबी के आँकड़ों के अनुसार 2024 में 52,910 दिहाड़ी मज़दूरों ने आत्महत्या की — यानी हर दस मिनट में एक मज़दूर ने जान दी है। हज़ारों अन्य मज़दूर असुरक्षित कार्यस्थलों में जलकर, कुचलकर और दबकर औद्योगिक दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं।

हमारे बच्चे दुनिया को समझने से पहले ही अभावग्रस्तता की कीमत चुका रहे हैं। एनएफएचएस-5 के आंकड़ों के अनुसार, पाँच साल से कम उम्र के 35.5% बच्चे ठिगनेपन (स्टंटिंग) के शिकार हैं और 32.1% बच्चों का वजन सामान्य से कम है, जबकि 6 से 59 महीने की उम्र के 67.1% बच्चे और 15 से 49 वर्ष की 57% महिलाएँ एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित हैं। ये आँकड़े कुपोषण और बुनियादी ज़रूरतों से वंचित किए जाने के कारण बर्बाद हुए करोड़ों जिंदगियों की कहानी कहते हैं।

इसके ऊपर से, एसआईआर ने करोड़ों लोगों, विशेष रूप से असंगठित और प्रवासी मज़दूरों को मताधिकार से वंचित कर दिया है और उन्हें सामाजिक सुरक्षा की पहुँच से दूर कर दिया है, जिससे उनसे लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति और सामाजिक संरक्षण — दोनों अधिकार छिन गए हैं।

जब मज़दूर जायज़ वेतन और आजीविका के लिए लड़ते हैं, तो उन्हें गिरफ़्तारियों, आपराधिक मुकदमों और लंबी कैद का सामना करना पड़ता है। इसलिए, आजीविका की यह लड़ाई अब बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकारों — संगठित होने, विरोध करने, असहमति जताने और न्याय के लिए लड़ने के अधिकार — के संघर्ष में बदल चुकी है।

अतः मज़दूर अपने जीवन और आजीविका के अधिकार तथा संगठित होने, विरोध करने और असहमति जताने के अधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली आ रहे हैं! यह देश पर शासन कर रहे कॉर्पोरेट-सांप्रदायिक गठजोड़ के खिलाफ एक हुंकार है ; देश मज़दूर वर्ग की एकता, साहस और प्रतिरोध के एक शक्तिशाली प्रदर्शन के लिए तैयार हो रहा है!

और यह कार्रवाई एक ऐसे ऐतिहासिक मोड़ पर होने जा रही है, जब भारत और पूरी दुनिया असंतोष और प्रतिरोध से उबल रही है! फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम और ब्रिटेन में युवाओं के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन, इटली, अर्जेंटीना और कोलंबिया में मज़दूरों की हड़तालें, तथा मितव्ययिता, असमानता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमलों के खिलाफ जन आंदोलन सत्ताधारी प्रतिष्ठानों को चुनौती दे रहे हैं। ब्राज़ील और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में मिली चुनावी जीत भी इसी बढ़ते प्रतिरोध को दर्शाती है। सड़कों से लेकर मतपेटियों तक, आम जनता लोकतांत्रिक विकल्पों पर ज़ोर दे रही हैं और वे शोषण व अन्याय का मुकाबला कर रहे हैं। पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची है, और मेहनतकश लोगों के संघर्ष तेज़ी से एक साझा लड़ाई में तब्दील हो रहे हैं!

आज नवउदारवादी पूँजीवादी व्यवस्था एक विफल व्यवस्था बन चुकी है, और अमेरिकी सत्ता को एक बार फिर साम्यवाद का भूत सता रहा है। अपने वर्चस्व को बनाए रखने की हताश कोशिश में वह बहुराष्ट्रीय एकाधिकारों, साम्राज्यवादी वित्तीय संस्थानों और सैन्य गठबंधनों की क्रूर ताकत का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे विश्व में शांति नष्ट हो रही है और लाखों लोगों के जीवन व आजीविका तबाह हो रहे हैं।

वाशिंगटन सहमति द्वारा गढ़ा गया नवउदारवादी वैश्वीकरण तीन बुनियादी अंतर्विरोधों से ग्रस्त था : पूँजी, वस्तुओं और सेवाओं को मुक्त आवाजाही की छूट मिली, जबकि श्रम राष्ट्रीय सीमाओं में बंधा रहा ; वित्त की मांग त्वरित मुनाफे की थी, जबकि उत्पादक पूँजी को परिपक्व होने के लिए लंबे समय की आवश्यकता थी ; और जहाँ राष्ट्र-राज्यों ने अपनी सीमाओं के भीतर संप्रभु अधिकार बनाए रखे, वहीं अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय पूँजी ने पूरी दुनिया को अपने निर्देशों के अधीन लाने की कोशिश की।

इन अंतर्विरोधों ने श्रम की सौदेबाजी की ताकत को कमज़ोर कर दिया है, वित्तीय पूँजी को उत्पादक अर्थव्यवस्था से कहीं आगे बढ़ा दिया है और राष्ट्रीय संप्रभुता को लगातार क्षीण किया है। जिस व्यवस्था ने अनियंत्रित बाज़ारों के ज़रिए समृद्धि का वादा किया था, उसने असमानता को तेज़ किया है, असुरक्षा को गहरा किया है और ऐसे अंतर्विरोधों को तीखा किया है, जिन्हें वह अब संभाल नहीं सकती।

नवउदारवाद का यह संकट स्वयं पूँजीवाद के गहराते अंतर्विरोधों को दर्शाता है। लंबे समय से चला आ रहा स्टैगफ्लेशन (मुद्रास्फीति के साथ आर्थिक ठहराव), बेरोज़गारी, असमानता, अल्प-उपभोग और अति-उत्पादन का एक साथ मौजूद होना उस व्यवस्था की सीमाओं को उजागर करता है, जो मज़दूरों की क्रय शक्ति को कमजोर करते हुए उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाती है। वैश्विक वित्तीय पूँजी इस संकट से निपटने के लिए आवश्यक सार्वजनिक खर्च या अति-धनाढ्यों पर कर लगाने से रोकती है ; दूसरी ओर, वह संकट के दौरान किसी भी संस्थागत ऋण की पूर्व-शर्त के रूप में मितव्ययिता के उपाय थोपती है, जिससे लोगों की क्रय शक्ति और कम हो जाती है और देश एक अंतहीन कर्ज के जाल में फंस जाता है।

इन अश्लील सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों के खिलाफ लोकप्रिय असंतोष और स्वतःस्फूर्त व संगठित उभार इस व्यवस्था को झकझोर रहे हैं। लोगों के गुस्से को दबाने के लिए शासक वर्ग, विभाजनकारी पहचान की राजनीति और तानाशाही का सहारा ले रहे हैं। एकाधिकार पूँजी के समर्थन से नव-फासीवादी ताकतें अपना भद्दा सिर उठा रही हैं ; वे जन आक्रोश को भटकाने, लोकतांत्रिक अधिकारों को कमज़ोर करने, ट्रेड यूनियनों और वामपंथ पर हमला करने तथा यहाँ तक कि बुर्जुआ संसदीय लोकतंत्र को भी सिकोड़ने के लिए अंध-राष्ट्रवाद, सांप्रदायिकता और अल्पसंख्यकों के प्रति नफरत का इस्तेमाल कर रही हैं। साम्राज्यवादी युद्ध, सट्टेबाज़ी वाले तकनीकी उद्योग, उच्च उत्पादकता की हताश दौड़ और मेहनतकश लोगों पर संकट का बोझ डालने की प्रवृत्ति एक ऐसी व्यवस्था को टिकाए हुए है, जो अपने अंतर्विरोधों को हल करने में असमर्थ है।

निश्चित रूप से, अमेरिकी साम्राज्यवाद अपने संकट को वैश्विक दक्षिण के विकासशील देशों पर थोपने की कोशिश कर रहा है, जबकि मोदी सरकार अमेरिकी दबाव के आगे घुटने टेक रही है और इसका बोझ भारतीय मज़दूरों, किसानों और छोटे उत्पादकों पर डाल रही है। भारत का संरचनात्मक रूप से दोषपूर्ण नवउदारवादी विकास मॉडल कमज़ोर घरेलू माँग, असमान औद्योगिक विकास, असुरक्षित रोज़गार और वैश्विक वित्त व आयात पर बढ़ती निर्भरता से ग्रस्त है।

इसके अलावा, कॉर्पोरेट रियायतें, निजीकरण, संपत्ति का मौद्रीकरण, सब्सिडी में कटौती और व्यापार नीतियाँ — ये सब सार्वजनिक सेवाओं, कृषि और लघु उद्योगों पर हमला कर रही हैं। ग्रामीण रोज़गार गारंटी की वापसी और चार श्रम संहिताएँ असुरक्षा को और गहरा करती हैं, वेतन घटाती हैं और आजीविका को खतरे में डालती हैं, जिससे संकट का बोझ पहले से ही अमानवीय परिस्थितियों में जी रहे मेहनतकश लोगों पर आ पड़ता है।

किसान और आदिवासी भी इसी तरह के हमले का सामना कर रहे हैं। मुक्त व्यापार समझौतों के साथ-साथ ज़मीन, बीज, कृषि आदानों (इनपुट्स), बिजली और कृषि मूल्यों से जुड़ी नीतियाँ किसानों की आजीविका को खतरे में डाल रही हैं। भूमि अधिग्रहण और प्राकृतिक संसाधनों का विनाश समुदायों को विस्थापित कर रहा है। आज ‘जल, जंगल और ज़मीन’ का संघर्ष मज़दूर वर्ग के संघर्ष का अविभाज्य हिस्सा है। मुख्य सवाल यही बना हुआ है : देश के संसाधनों पर किसका नियंत्रण है, और सरकार किसके हितों की सेवा करती है?

मज़दूरों को इस सवाल का सीधा सामना करना होगा। 12 फरवरी 2026 की राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल और औद्योगिक केंद्रों में हुए संघर्षों ने नियोक्ताओं को चुनौती देने और वेतन वृद्धि हासिल करने की मज़दूरों की सामूहिक ताकत का प्रदर्शन किया है। छात्र आंदोलनों ने व्यापक लोकतांत्रिक संघर्ष में नई ऊर्जा भरी है। ये अनुभव दिखाते हैं कि एकजुट प्रतिरोध सत्ताधारी प्रतिष्ठान को विचलित कर सकता है।

मज़दूर वर्ग को अब इस प्रतिरोध को एक समन्वित राजनीतिक और संगठनात्मक जवाबी हमले में बदलना होगा — कार्यस्थल के संघर्षों को ग्रामीण मज़दूरों, किसानों, योजना मजदूरों, आदिवासियों, छात्रों और अन्य तबकों के संघर्षों के साथ जोड़ते हुए उनकी माँगों को राष्ट्रीय राजनीति की बहस के केंद्र में लाना होगा।

यही ‘मज़दूर संसद मार्च’ का महत्व है! 1 दिसंबर 2026 से देश भर के मज़दूर राष्ट्रीय राजधानी में जुटेंगे और संसद की ओर मार्च करेंगे, जो असली भारत को दिल्ली लेकर आएंगे — कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कोहिमा तक : बीड़ी और बागान मज़दूर, निर्माण, बिजली, कोयला, विनिर्माण, परिवहन और गिग मजदूरों, योजना मजदूरों और वे करोड़ों लोग, जिनके श्रम से देश चलता है, लेकिन जिनकी आवाज़ सत्ताधारी वर्ग कभी नहीं सुनता। अब दिल्ली को मज़दूर वर्ग की आवाज़ सुननी ही होगी!

हमारी माँगें बिल्कुल स्पष्ट हैं :

*1. चारों श्रम संहिताओं को रद्द किया जाए और ग्रामीण रोज़गार को कानूनी अधिकार के रूप में गारंटी देने वाली एक वास्तविक, पर्याप्त बजट वाली मनरेगा योजना को बहाल किया जाए। मज़दूरों को नियोक्ताओं की मनमानी नहीं, बल्कि लागू होने योग्य अधिकार, सुरक्षित रोज़गार, सामूहिक सौदेबाजी, आठ घंटे का कार्य दिवस, सामाजिक सुरक्षा और मनमानी छँटनी व शोषण से संरक्षण चाहिए।

*2. योजना मजदूरों को ‘मज़दूर’ के रूप में मान्यता दी जाए और 45वें व 46वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू किया जाए। आशा, आंगनबाड़ी और मध्यान्ह भोजन कर्मी पोषण, स्वास्थ्य और स्कूली शिक्षा की रीढ़ हैं, फिर भी उनके साथ मानदेय वाले स्वयंसेवकों जैसा व्यवहार किया जाता है और उन्हें बमुश्किल 1,000 से 4,500 रुपये प्रति माह मिलते हैं। वे उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और पूर्ण श्रम अधिकारों के हकदार हैं।

*3. वैधानिक न्यूनतम वेतन व स्व-रोज़गारों के लिए न्यूनतम आय 42,000 रुपये प्रति माह तथा 21,000 रुपये प्रति माह की सार्वभौमिक पेंशन राशि सुनिश्चित की जाए। सरकार को न्यूनतम जीवन-निर्वाह आय सुनिश्चित करने वाले रोज़गार प्रदान करने चाहिए या जहाँ आवश्यक हो, प्रत्यक्ष हस्तांतरण के माध्यम से पारिवारिक आय को इस स्तर तक बढ़ाना चाहिए।

*4. सार्वजनिक सेवाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में रिक्त पदों को भरा जाए, स्थायी प्रकृति का काम करने वाले ठेका मज़दूरों को नियमित किया जाए और ‘समान काम के लिए समान वेतन’ सुनिश्चित किया जाए।

*5. सुरक्षा उल्लंघनों को समाप्त किया जाए, व्यावसायिक सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए, निरीक्षण व्यवस्था को मज़बूत किया जाए और वैधानिक अधिकारों के उल्लंघन, औद्योगिक दुर्घटनाओं और रोकी जा सकने वाली मौतों के लिए नियोक्ताओं को जवाबदेह ठहराया जाए। मज़दूरों के संगठित होने और हड़ताल करने के अधिकार की रक्षा की जाए। मुनाफा मानव जीवन से बढ़कर नहीं हो सकता, और न ही अपने अधिकारों के लिए लड़ने वाले मज़दूरों को अपराधी बनाया जा सकता है।

*6. जबरन भूमि अधिग्रहण और आदिवासियों व अन्य समुदायों का भरण-पोषण करने वाले जंगलों व प्राकृतिक संसाधनों के विनाश को रोका जाए। ‘जल, जंगल और ज़मीन’ तथा हमारी सार्वजनिक क्षेत्र की राष्ट्रीय संपत्तियों की रक्षा की जाए, विस्थापित लोगों के पुनर्वास, पुनर्स्थापन और रोज़गार की गारंटी दी जाए तथा उनके अधिकारों और आजीविका को बरकरार रखा जाए। विकास का अर्थ कॉर्पोरेट बेदखली नहीं हो सकता।

एसआईआर को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की माँग के साथ ये माँगें मेहनतकश लोगों की तात्कालिक कठिनाइयों और सत्ताधारी प्रतिष्ठान की राजनीतिक व आर्थिक प्राथमिकताओं दोनों को चुनौती देती हैं। अपने देश के मेहनतकश लोगों को कमज़ोर करके, उनके अधिकारों को छीनकर और समाज की कीमत पर कॉर्पोरेट घरानों को संपत्ति जमा करने की छूट देकर सरकार राष्ट्र की सेवा करने का दावा नहीं कर सकती। सरकार को भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और सार्वभौमिक पेंशन के अधिकारों की गारंटी देनी ही होगी।

मज़दूर वर्ग पहल कर रहा है और आर्थिक संघर्षों को कॉर्पोरेट वर्चस्व के खिलाफ व्यापक लोकतांत्रिक संघर्ष के साथ जोड़ रहा है। यह स्थायी और ठेका मज़दूरों, संगठित और असंगठित क्षेत्र के मज़दूरों के बीच एकजुटता बनाने तथा किसानों, आदिवासियों, छात्रों और जनता के अन्य वर्गों के साथ मिलकर गुस्से को संगठन में और प्रतिरोध को एक निरंतर जवाबी हमले में बदलने का प्रयास कर रहा है।

1 दिसंबर 2026 से दिल्ली को मज़दूर वर्ग की इस ताकत के प्रदर्शन का केंद्र बनना होगा। जो लोग देश का निर्माण करते हैं, इसकी संपत्ति का उत्पादन करते हैं और इसके उद्योगों व सेवाओं को चलाते हैं, वे अपने अधिकारों की माँग करने और उस व्यवस्था को चुनौती देने के लिए उठ खड़े होंगे, जो आम लोगों पर संकट का बोझ डालते हुए कॉर्पोरेट हितों की रक्षा करती है।

राष्ट्रीय राजधानी से मज़दूर वर्ग की आवाज़ गूंजने दें। आइए, इस मार्च को मज़दूरों के अधिकारों, आजीविका की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और शोषण से मुक्त भविष्य के लिए एक मज़बूत, व्यापक और अधिक दृढ़ संघर्षों के नए दौर की शुरुआत बनाएँ।

(लेखक सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस — सीटू के महासचिव हैं। अनुवादक अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा के उपाध्यक्ष हैं। संपर्क : 94242-31650)

NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया's avatar

By NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया

NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) / NNW TV NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) is a trusted digital media group and online Hindi news portal providing the latest breaking news and updates from India and around the world. Our coverage includes Politics, Crime, Public Issues, Sports, Entertainment, Bollywood, Business, Lifestyle, Art & Culture, Tourism, Social Affairs, and more. Our mission is to deliver accurate, reliable, and impactful journalism while keeping our audience informed about important developments at local, national, and international levels. "NEWS NATIONAL WORLD – Trusted Digital Media for Accurate News & Meaningful Stories." -- Management & Editorial Team -- Managing Director (MD) Ankul Pratap Singh Baghel Mobile: +91 85168 70370 // Editor Gaurav Jain (Indore) Mobile: +91 98276 74717 // Associate Editor Aamir Khan Mobile: +91 90099 11100 // Divisional Bureau Chief (Indore) Pradeep Chaudhary Mobile: +91 94250 52518 // Rewa Editor Kushmendra Singh Mobile: +91 94247 01399 // Join NEWS NATIONAL WORLD Share local news, public issues, social activities, events, sports updates, and important information from your area with us. For News Coverage, Advertising & Business Inquiries: Mobile: +91 85168 70370 Email: allindiamedia12340@gmail.com Follow and join the NEWS NATIONAL WORLD (PVT. LTD.) WhatsApp Channel for fast, reliable, and authentic news updates. NNW TV | NNW NEWS

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading