(आलेख : सवेरा, अनुवाद : संजय पराते)

ताजा सरकारी आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं और जिसे देश भर के परिवार महीनों से महसूस कर रहे हैं – कि कीमतें बेकाबू होकर बढ़ रही हैं, जिससे पारिवारिक बजट तबाह हो रहे हैं और अभावग्रस्तता बढ़ती जा रही है। खबरों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में थोक कीमतों में 12.29 प्रतिशत की उछाल आई है और यह पिछले दो साल के उच्चतम स्तर है। इससे पहले, पिछले महीने सितंबर में यह बढ़ोतरी 11.39 प्रतिशत की थी। इस बीच, अक्टूबर में खुदरा कीमतों में 6.09 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी। वास्तव में, इस साल कीमतें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं – और ऐसा लगता है कि मोदी सरकार को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि इससे कैसे निपटा जाए।

थोक मूल्य वृद्धि की गणना 2022-23 को आधार वर्ष मानकर थोक मूल्य सूचकांक (डब्लूपीआई) के आधार पर की जाती है। इसके आंकड़े वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आर्थिक सलाहकार कार्यालय द्वारा मासिक आधार पर एकत्र और जारी किए जाते हैं। खुदरा कीमतें 2024 के आधार वर्ष वाले सामान्य उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित होती हैं, जिसे सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा एकत्र और जारी किया जाता है।

भारत में अब सभी देशों की तुलना में महंगाई दर सबसे अधिक है। थोक महंगाई में हुई यह वृद्धि कुछ हफ्तों के अंतराल के बाद खुदरा कीमतों में दिखाई देगी। दरअसल, इसका असर पहले से ही दिखने लगा है। इसलिए, बुरी खबर यह है कि निकट भविष्य में कीमतें कम होने की कोई संभावना नहीं है।

इस साल कीमतों में लगातार बढ़ोतरी

जैसा कि साथ में दिए गए चार्ट दिखाते हैं, जनवरी 2026 से थोक कीमतों और खुदरा कीमतों, दोनों में लगातार वृद्धि देखी गई है, खासकर गर्मियों के बाद से यह और तेज हो गई है।
अप्रैल में थोक कीमतें बढ़नी तब शुरू हुईं, जब महंगाई दर 8 प्रतिशत को पार कर गई थी। अगले चार महीनों तक यह लगभग 10 प्रतिशत पर स्थिर रही और सितंबर में फिर से बढ़ने लगी, जो अक्टूबर में 12.29 प्रतिशत तक पहुंच गई। ये सभी साल-दर-साल (वार्षिक) तुलनाएं हैं।

यह याद रखा जाना चाहिए कि इन दोनों सूचकांकों में शामिल वस्तुएं और उन्हें दिया गया भार (वेटेज) अलग-अलग हैं। खुदरा कीमतें देश भर में 1400 से अधिक स्थानों से एकत्र की जाती हैं। इस कार्यप्रणाली में कई खामियां हैं और अधिकतर, वास्तविक खुदरा कीमतें उपभोक्ता मूल्य सूचकांक की गणना के लिए दर्ज की गई कीमतों से कहीं अधिक होती हैं।

सिर्फ ईंधन की कीमतें नहीं है वजह

सरकार और उसके समर्थक कच्चे तेल और इसके उत्पादों की वैश्विक कीमतों में उछाल का रोना रो रहे हैं और तर्क दे रहे हैं कि इसी वजह से भारत में कीमतें बढ़ रही हैं। यह केवल आंशिक रूप से ही सच है। यदि आप अक्टूबर 2026 में विभिन्न वस्तु समूहों की थोक कीमतों के ब्योरे को देखें, तो आप पाएंगे कि पिछले एक साल में कच्चे तेल और पेट्रोलियम की कीमतों में अकल्पनीय 70.8 प्रतिशत और इसी अवधि में खनिज तेलों में 45.57 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लेकिन जिन वस्तुओं की कीमतों को औसत आंकड़ा निकालते समय गिना जाता है, उनके समूह में ईंधन और बिजली का हिस्सा केवल 14 प्रतिशत ही है।

थोक मूल्य वृद्धि के अन्य बड़े कारकों में खाद्य पदार्थ और विनिर्मित खाद्य उत्पाद शामिल हैं, जो कुल गणना में लगभग 25 प्रतिशत का योगदान देते हैं। इनके लिए महंगाई दर 8.58 प्रतिशत पर है। देश के अधिकांश लोगों के लिए खाद्य कीमतें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि गरीब तबका अपनी आय का लगभग आधा हिस्सा भोजन पर खर्च करता है। थोक स्तर पर महीनों से चल रही ऊंची कीमतें सब्जियों, आटा, अंडे, दूध आदि जैसी बुनियादी चीजों की खुदरा कीमतों को भड़का रही हैं। सट्टेबाज और जमाखोर भी जनता की कीमत पर भारी मुनाफा कमाने के लिए इस स्थिति का फायदा उठा रहे हैं।

खाद्य कीमतें

लोगों को सीधे प्रभावित करने वाली खाद्य कीमतों की असली तस्वीर खुदरा कीमतों को देखने से सामने आती है। अक्टूबर 2026 की ताजा रिपोर्ट में खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत के अस्वीकार्य स्तर पर दर्ज की गई है। याद रहे कि औसत खुदरा महंगाई 6.09 प्रतिशत थी।

जहां आलू, फूलगोभी, बैंगन और पत्तागोभी जैसी कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट की खबर है, वहीं प्याज, लहसुन, अदरक और नींबू जैसी कुछ अन्य प्रमुख सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। घर की सबसे जरूरी चीजों में से एक, प्याज में अक्टूबर 2026 में (एक साल पहले की तुलना में) 116.22 प्रतिशत की चौंका देने वाली महंगाई दर दर्ज की गई है।

सरकारी आंकड़ों के हवाले से मिल रही रिपोर्टों के अनुसार, पिछले एक साल में अरहर/तूर दाल की कीमतें 110 रुपये से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं ; चना 85 रुपये से 100 रुपये ; उड़द 110 रुपये से 130 रुपये ; चीनी 45 रुपये से 60 रुपये ; मूंगफली 200 रुपये से 214 रुपये ; सरसों 198 रुपये से 209 रुपये ; सोयाबीन 143 रुपये से 165 रुपये ; और सूरजमुखी 165 रुपये से बढ़कर 192 रुपये हो गई है।

दिलचस्प बात यह है कि शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई अधिक है। ग्रामीण क्षेत्रों में औसत खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत थी, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 8.68 प्रतिशत थी।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच का यह अंतर, और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की कीमतों के बीच का अंतर — दोनों मिलकर इसी बात की ओर इशारा करते हैं, जिसका ऊपर उल्लेख किया गया है – कि ऊंची कीमतों का कारण केवल ईंधन की लागत नहीं हैं। यदि ऐसा होता, तो ग्रामीण क्षेत्रों में जहां अधिकांश सब्जियों का उत्पादन होता है, वहां कीमतें कम होतीं, क्योंकि वस्तुओं को शहरी क्षेत्रों तक परिवहन करने में अधिक खर्च आता है। इसी तरह, ऐसा कैसे है कि कुछ सब्जियों की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है, जबकि अन्य में नहीं? ईंधन की उच्च लागत हर चीज को समान रूप से प्रभावित करेगी।

इसका एकमात्र कारण थोक विक्रेताओं और बड़े व्यापारियों पर नियंत्रण में ढील देना है, जो एक पुरानी समस्या है। इसके कारण वे कृत्रिम कमी पैदा करने के लिए नष्ट न होने वाली (या कम खराब होने वाली) सब्जियों का भारी मात्रा में भंडारण (जमाखोरी) करते हैं, जिससे कीमतें बढ़ जाती हैं। सरकारें (केंद्र और राज्य) प्याज जैसी वस्तुओं के जमा किए गए स्टॉक को जब्त करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य नियमों के सख्त प्रावधानों का उपयोग नहीं करती हैं, जिससे व्यापारियों को कुछ ही हफ्तों में भारी मुनाफा कमाने की सुविधा मिल जाती है।

क्या सरकार तैयार है?

इस साल एक बहुत मजबूत ‘अल नीनो’ की आशंका है। इसके कारण पहले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून में कमी आई है और ऐसा लगता है कि यह उत्तर-पूर्व मानसून को भी प्रभावित कर रहा है। इससे खरीफ की बुवाई प्रभावित हुई है, और रबी की बुवाई भी बाधित होने की संभावना है। इसलिए, यह संभव है कि खाद्यान्न उत्पादन, और संभवतः सब्जी और फल उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। हालांकि पिछले दो वर्षों में बंपर फसल के कारण रिकॉर्ड खाद्यान्न भंडार जमा हुआ है, लेकिन आने वाले महीनों में खरीफ और रबी की फसलों में किसी भी तरह की कमी देश को मुश्किल हालात में डाल देगी। कीमतें पहले से ही ऊपर की ओर बढ़ रही हैं और इससे इस प्रवृत्ति को और बढ़ावा मिल सकता है। आने वाले महीनों में ईंधन की कीमतों में गिरावट की संभावना नहीं है, भले ही ईरान के खिलाफ युद्ध और पश्चिम एशिया के तनाव जल्द ही समाप्त हो जाएं, जिसकी संभावना कम ही दिखती है। यूक्रेनी गेहूं का निर्यात संभवतः प्रभावित रहेगा, जबकि विश्व स्तर पर खाद्य कीमतें बढ़ सकती हैं, जिनमें दालों और खाद्य तेल जैसे भारतीय आयात भी शामिल हैं। संक्षेप में, क्षितिज पर काले बादल मंडरा रहे हैं – लेकिन हमारी सरकार बेफिक्र बनी हुई है। उसे कम से कम सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दायरे को बढ़ाकर इसमें दालों, खाद्य तेल और प्रमुख सब्जियों को शामिल करने, विभिन्न आवश्यक वस्तुओं का भंडार बनाने और जमाखोरी को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय करने की रणनीति बनानी चाहिए। आने वाले महीने श्रीमान मोदी की एक बार फिर परीक्षा लेंगे – और यदि वे फिर से विफल पाए गए, तो जनता शासकों को बख्शेगी नहीं।

(लेखक शोध अध्येता हैं। अनुवादक अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा के उपाध्यक्ष हैं। संपर्क : 94242-31650)

NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया's avatar

By NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया

NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) / NNW TV NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) is a trusted digital media group and online Hindi news portal providing the latest breaking news and updates from India and around the world. Our coverage includes Politics, Crime, Public Issues, Sports, Entertainment, Bollywood, Business, Lifestyle, Art & Culture, Tourism, Social Affairs, and more. Our mission is to deliver accurate, reliable, and impactful journalism while keeping our audience informed about important developments at local, national, and international levels. "NEWS NATIONAL WORLD – Trusted Digital Media for Accurate News & Meaningful Stories." -- Management & Editorial Team -- Managing Director (MD) Ankul Pratap Singh Baghel Mobile: +91 85168 70370 // Editor Gaurav Jain (Indore) Mobile: +91 98276 74717 // Associate Editor Aamir Khan Mobile: +91 90099 11100 // Divisional Bureau Chief (Indore) Pradeep Chaudhary Mobile: +91 94250 52518 // Rewa Editor Kushmendra Singh Mobile: +91 94247 01399 // Join NEWS NATIONAL WORLD Share local news, public issues, social activities, events, sports updates, and important information from your area with us. For News Coverage, Advertising & Business Inquiries: Mobile: +91 85168 70370 Email: allindiamedia12340@gmail.com Follow and join the NEWS NATIONAL WORLD (PVT. LTD.) WhatsApp Channel for fast, reliable, and authentic news updates. NNW TV | NNW NEWS

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading