कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर गृहणी से हुई थी ₹33 हजार की ठगी, वहीं एमआर-04 रोड पर बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी थी एमडी ड्रग्स इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस ने साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में सफलता हासिल की है। एक मामले में कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई गृहणी को उसकी पूरी राशि वापस दिलाई गई, वहीं दूसरी कार्रवाई में 15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कम ब्याज पर लोन का झांसा देकर की थी ठगी, पूरी राशि वापस क्राइम ब्रांच के अनुसार इंदौर निवासी गृहणी शिवानी (परिवर्तित नाम) को अज्ञात साइबर ठगों ने कम ब्याज पर तत्काल लोन दिलाने का लालच दिया था। आरोपियों ने इसी बहाने ऑनलाइन माध्यम से उनसे 33 हजार 82 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़िता ने घटना के बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के संदिग्ध बैंक खातों में ठगी की राशि फ्रीज करवाई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पीड़िता को ठगी की संपूर्ण राशि 33 हजार 82 रुपये वापस कराई गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम ब्याज पर लोन दिलाने वाले अनजान कॉल और ऑनलाइन विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को अग्रिम फीस, ओटीपी, पिन या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या इंदौर पुलिस साइबर हेल्पलाइन 7049124445 पर संपर्क करें। बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी थी एमडी ड्रग्स, आरोपी गिरफ्तार वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने एमआर-04 रोड स्थित सरस्वती नदी पुलिया के पास से 15 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त मशरूके की कुल कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये है। पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम शहर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एमआर-04 रोड पर सरस्वती नदी पुलिया के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम शाहरुख उर्फ एमडी (32), निवासी राजेंद्र नगर, इंदौर बताया। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर उसकी फटी हुई सीट के कवर के नीचे छिपाकर रखा गया 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 0195/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। इस साल अब तक 203 आरोपी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2026 से 18 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 92 प्रकरण दर्ज कर 203 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.49365 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 443.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 53 लाख 92 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं। क्राइम ब्रांच पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। दोनों कार्रवाइयों में क्राइम ब्रांच की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। NEWS NATIONAL WORLD newsnationalworld.com Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन होटल में मिले बालिग कपल से पुलिस की पूछताछ, मोबाइल लॉक खोलने को लेकर विवाद; एडिशनल एसपी के कथित बयान से उठे सवाल सीईसी पर महाभियोग