गांधी मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकाली आक्रोश रैली, तिरंगा चौक पर चक्काजाम कर जताया विरोध गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारियों के बीच गरियाबंद जिले में कंप्यूटर ऑपरेटरों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। पिछले 5 से 8 महीने से वेतन और मानदेय लंबित होने तथा मूल कार्यस्थल से 60 से 180 किलोमीटर दूर ड्यूटी लगाए जाने के आदेश से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने गांधी मैदान से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली और तिरंगा चौक पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि जब उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, तो इतनी दूर ड्यूटी करने के लिए आने-जाने, रहने और भोजन का खर्च कैसे उठाएंगे। संघ ने आरोप लगाया कि संलग्नीकरण के आदेश जारी करते समय महिला कर्मचारियों की पारिवारिक परिस्थितियों और छोटे बच्चों की जिम्मेदारियों को भी नजरअंदाज किया गया है। जिले के 13 नए धान उपार्जन केंद्रों में नियुक्त ऑपरेटरों को भी दूसरे विकासखंडों में भेज दिया गया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटर पिछले 19 वर्षों से किसानों की सेवा में लगे हैं, लेकिन आज उन्हें अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ धान खरीदी का विरोध नहीं कर रहा है, बल्कि कर्मचारियों की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संलग्नीकरण आदेश में संशोधन की मांग कर रहा है। गौरतलब है कि संघ ने एक दिन पहले ही कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आदेश क्रमांक 688, दिनांक 7 नवंबर 2026 को निरस्त अथवा संशोधित करने की मांग की थी। मांगों पर समाधान नहीं निकलने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया। अब धान खरीदी शुरू होने से पहले कंप्यूटर ऑपरेटरों के इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। कर्मचारियों की मांगों पर जिला प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन आज चुनाव हुए तो इनोवा में सिमट जाएगी भाजपा, पूर्व CM भूपेश बघेल का तंज EOW रीवा ने छात्रावास अधीक्षक पतुलखी को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते किया ट्रैप