10 से 12 राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना, 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल; संस्कृति के साथ जमीन, रोजगार, शिक्षा और राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दे भी उठेंगे शहडोल। विंध्य और महाकौशल की सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका रखने वाला कोल समाज अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए शहडोल जिले के ब्यौहारी में राष्ट्रीय स्तर पर जुटने जा रहा है। यहां 13 से 16 दिसंबर तक राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश के कई राज्यों से कोल समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रस्तावित उपस्थिति होगी। भाजपा विधायक शरद कोल की पहल पर आयोजित यह महोत्सव 13, 14 और 15 दिसंबर को ब्यौहारी के बिनायक पैलेस में आयोजित होगा। वहीं 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। विधायक शरद कोल के अनुसार, मध्यप्रदेश के अलावा असम, त्रिपुरा, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित करीब 10 से 12 राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। अन्य राज्यों से लगभग 300 प्रतिनिधियों के पहुंचने का अनुमान है। लोकसंस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक महोत्सव में कोल समाज की पारंपरिक जीवनशैली, रीति-रिवाज, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें पारंपरिक हथियार, खेती-किसानी के औजार, खान-पान और लोक परंपराएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। लोकनृत्य और मांदर की थाप के बीच समाज की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। जमीन, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे भी उठेंगे यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। कोल समाज की भूमिहीनता, बेरोजगारी, शिक्षा, सामाजिक विकास और राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों का उद्देश्य समाज को एकजुट कर उसकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तथा जनप्रतिनिधियों के सामने रखना है। विंध्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका मध्यप्रदेश में कोल समाज की बड़ी आबादी है। विशेष रूप से रीवा, सीधी, सतना, शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में समाज की महत्वपूर्ण उपस्थिति मानी जाती है। ब्यौहारी विधानसभा सहित विंध्य क्षेत्र की कई विधानसभा सीटों पर कोल मतदाताओं की भूमिका चुनावी समीकरणों को प्रभावित करती है। यही वजह है कि इस राष्ट्रीय महोत्सव को सामाजिक के साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार से बड़े ऐलान की उम्मीद इससे पहले 9 जून को आयोजित कोल जनजातीय महाकुंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 330 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया था। साथ ही कोल समाज के लोगों को जमीन के पट्टे देने की घोषणा भी की गई थी। अब राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव में भी जमीन, शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों पर सरकार की ओर से महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजकों के मुताबिक, यह महोत्सव कोल समाज की सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ सामाजिक एकता, जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन नर्मदा के पतई घाट पर मिला करीब 65 लाख वर्ष पुराना जीवाश्म, विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा होने की संभावना मर्सिडीज कार में कोकीन लेकर बैठा युवक गिरफ्तार, जूनी इंदौर पुलिस ने 2.20 ग्राम मादक पदार्थ किया जब्त