खेल रहे बच्चों को मिला दुर्लभ जीवाश्म, विशेषज्ञों ने स्टेगोडोन नैमेडिकस का निचला जबड़ा होने की जताई आशंका; प्रशासन ने क्षेत्र को किया सुरक्षित मध्यप्रदेश। प्रदीप चौधरी। नर्मदा घाटी एक बार फिर अपने प्रागैतिहासिक इतिहास को लेकर चर्चा में है। नर्मदा नदी के पतई घाट पर करीब 65 लाख वर्ष पुराना जीवाश्म मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक विशेषज्ञ राय के अनुसार, यह जीवाश्म किसी विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी ‘स्टेगोडोन नैमेडिकस’ का निचला जबड़ा हो सकता है। इसमें दाढ़ और प्री-मोलर दांत भी सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं। इस दुर्लभ खोज ने पुरातत्व और जीवाश्म विज्ञान से जुड़े लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को पतई घाट पर कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें जमीन और नदी के किनारे एक असामान्य आकार की वस्तु दिखाई दी। बच्चों ने इसकी आकृति देखकर आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने शुरुआत में इसे किसी विशालकाय जीव का अवशेष समझा और धार्मिक आस्था के चलते पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर बरेली तहसील के एसडीएम मौके पर पहुंचे और संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर उसे सुरक्षित कराया। जीवाश्म की तस्वीरें विशेषज्ञों को भेजी गईं, जिनके प्रारंभिक आकलन में इसे विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि जीवाश्म का दिखाई देने वाला हिस्सा करीब एक फीट ऊंचा और डेढ़ फीट चौड़ा है, जबकि इसका बड़ा हिस्सा अभी भी नदी में दबा हुआ है। नर्मदा घाटी में पहले भी मिल चुके हैं दुर्लभ जीवाश्म नर्मदा घाटी प्रागैतिहासिक जीवों और मानव विकास से जुड़े अवशेषों के लिए पहले से ही महत्वपूर्ण मानी जाती है। जबलपुर के निकट हथनोरा में प्राचीन मानव पूर्वज के जीवाश्म मिले हैं। वहीं मनावर क्षेत्र में डायनासोर के अंडों के जीवाश्म मिलने की जानकारी भी सामने आ चुकी है। मध्यप्रदेश के बाग क्षेत्र में समुद्री तलछट से जुड़े भूवैज्ञानिक अवशेष भी पाए गए हैं, जो इस क्षेत्र के करोड़ों वर्ष पुराने भूगर्भीय इतिहास की ओर संकेत करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, नर्मदा बेसिन में अभी भी प्रागैतिहासिक काल से जुड़े कई रहस्य छिपे हुए हैं। पतई घाट पर मिले इस जीवाश्म का वैज्ञानिक परीक्षण और विस्तृत अध्ययन होने के बाद ही इसकी वास्तविक पहचान, आयु और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि हो सकेगी। वैज्ञानिक अनुसंधान से खुल सकते हैं इतिहास के नए रहस्य नर्मदा नदी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व तो सर्वविदित है, लेकिन इसका भूवैज्ञानिक और वैज्ञानिक महत्व भी बेहद व्यापक है। पतई घाट पर मिले इस संभावित जीवाश्म से नर्मदा घाटी के प्राचीन पर्यावरण, जीव-जंतुओं और लाखों वर्ष पुराने प्राकृतिक इतिहास के बारे में नई जानकारियां मिल सकती हैं। अब सभी की निगाहें विशेषज्ञों के विस्तृत अध्ययन और वैज्ञानिक जांच पर टिकी हैं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन दरभंगा में करोड़ों की ज्वेलरी लूट का खुलासा, BJP नगर महामंत्री समेत 5 आरोपी गिरफ्तार ब्यौहारी में जुटेगा देशभर का कोल समाज, 13 से 16 दिसंबर तक होगा राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव