एक बच्चे की हालत गंभीर,अस्पताल में चल रहा इलाज

त्यौंथर, रीवा। रीवा जिले के त्यौंथर विधानसभा क्षेत्र में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्राम पंचायत पटहट कला और आसपास के क्षेत्र में खदानों में भरे गहरे पानी में डूबने से एक 9 वर्षीय बच्ची अंकिता आदिवासी और करीब 21 वर्षीय युवक कन्हैया शुक्ला की मौत हो गई।

वहीं, हादसे में घायल तीन बच्चों में से दो सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है जिसका इलाज चल रहा है।

खदान में डूबा 21 वर्षीय युवक, तलाश जारी

जानकारी के अनुसार, जनेह थाना क्षेत्र के खभरा गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करीब 21 वर्षीय कन्हैया शुक्ला, निवासी पटेहरा, गहरी खदान में भरे पानी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश में मदद की, लेकिन खदान में अत्यधिक पानी और गहराई होने के कारण उन्हें ढूंढने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही जनेह थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और बचाव दल की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी युवक का शव बरामद नहीं हो सका।

जबलपुर से बुलाई गई विशेष गोताखोर टीम

खदान में अधिक जलभराव और गहराई को देखते हुए जबलपुर से विशेष गोताखोर टीम बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम के पहुंचने के बाद पानी के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

9 वर्षीय बच्ची की मौत, एक अन्य बच्चा गंभीर

इसी दौरान क्षेत्र में सामने आए दूसरे हादसे ने भी लोगों को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पटहट कला में मूर्ति विसर्जन के दौरान 9 वर्षीय अंकिता आदिवासी खदान के पानी में डूब गई।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है और  पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्योंथर भेज दिया गया है वहां मर्चरी में आज रखा जाएगा कल सुबह पोस्टमार्टम होगा वहीं, हादसों में घायल बच्चों में से दो के सुरक्षित होने और एक की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली है।

गहरी खदानों में जलभराव बना खतरा

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान एक ही क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में जान जाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदानों में अत्यधिक पानी और गहराई के कारण विसर्जन के दौरान बड़ा खतरा बना रहता है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से बचाव कार्य जारी है। लोगों से अपील है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरी खदानों, जलभराव वाले स्थानों और असुरक्षित जलस्रोतों के पास जाने से बचें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेला न जाने दें।

युवक के शव की बरामदगी और रेस्क्यू टीम की आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि के बाद जानकारी अपडेट की जाएगी।

kushmendra's avatar

By kushmendra

Journlist- NNW News(News National World)

प्रातिक्रिया दे

You missed

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading