बोले- OBC आरक्षण रोकने का पाप कमलनाथ सरकार ने किया, राहुल अपनी ही हिंदी की चिट्ठी पढ़कर दिखाएं, मैं इनाम दूंगाभोपाल। प्रदीप चौधरी। मध्यप्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण और लंबित नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखी चिट्ठी पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने तीखा पलटवार किया है। सारंग ने आरोप लगाया कि प्रदेश में OBC आरक्षण को लेकर मौजूदा स्थिति के लिए तत्कालीन कमलनाथ सरकार जिम्मेदार थी और अदालत में सरकार ने अपना पक्ष ठीक से नहीं रखा। राहुल गांधी ने 22 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 27 प्रतिशत OBC आरक्षण लागू करने तथा 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की थी। यह मुद्दा इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान भी सामने आया था।मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और तत्कालीन कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में आरक्षण से संबंधित निर्णय लिया गया था, जिसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा और नियुक्तियों में 87:13 की व्यवस्था बनी। विवादित 13 प्रतिशत पदों को न्यायालयीन प्रक्रिया के चलते लंबित रखा गया है।सारंग ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मुद्दे के इतिहास और वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को जो लिखकर दिया जाता है, वे उस पर हस्ताक्षर कर देते हैं।मंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी ही हिंदी में लिखी चिट्ठी को अक्षरशः पढ़कर सोशल मीडिया पर दिखा दें, इसके लिए वह उन्हें इनाम देंगे।वहीं, राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा है कि 27 प्रतिशत OBC आरक्षण से जुड़े 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां लंबे समय से लंबित हैं और चयन प्रक्रिया पूरी कर चुके अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में जल्द समाधान की मांग की है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सरकारी कार्यालयों में जनता के साथ संवाद और जवाबदेही बेहतर हो नो यूपीआई डे ने दिखाई व्यापारी एकता की ताकत