मेजर हमजा आरिफ की शहादत पर उठे सवालों के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने परिजनों से की मुलाकात; दी भावभीनी श्रद्धांजलि इंदौर : देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले इंदौर के वीर सपूत मेजर हमजा आरिफ की अंतिम विदाई के दौरान जन प्रतिनिधियों और राजनेताओं की गैर-मौजूदगी पर जब समाचार पत्रों और सोशल मीडिया में सवाल उठने शुरू हुए, तो उसका बड़ा असर देखने को मिला। मीडिया की सुर्खियों और जनता के आक्रोश के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शहीद मेजर के इंदौर स्थित निवास पहुंचे। उल्लेखनीय है कि जब शहीद मेजर हमजा आरिफ का पार्थिव शरीर इंदौर आया और उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, तब अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए कोई प्रमुख नेता मौके पर नजर नहीं आया था। ‘न्यूज नेशनल वर्ल्ड’ समेत विभिन्न समाचार माध्यमों और अखबारों ने “वीर सपूत को सलाम या सियासत को प्रणाम? अंतिम विदाई पर नेताओं की चुप्पी ने खड़े किए सवाल” शीर्षक से प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थीं। खबर का असर: परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस खबरों की गूंज और जनता की भावनाओं को देखते हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तत्काल शहीद मेजर के घर पहुंचे। उन्होंने शहीद मेजर हमजा आरिफ के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हाल जाना और इस दुखद घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया। सोशल मीडिया पर किया इमोशनल पोस्ट मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शहीद मेजर को याद करते हुए लिखा: “मातृभूमि के वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि !!! देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए बहादुर मेजर श्री हमजा आरिफ जी के इंदौर स्थित निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। मेजर हमजा आरिफ जी का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव हमारी स्मृतियों में अमर रहेगा। कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से उनकी शहादत को शत्-शत् नमन। जय हिंद!” मंत्री विजयवर्गीय के इस कदम और मीडिया की सजगता की बदौलत अंततः शहीद के परिवार तक शासन-प्रशासन की संवेदनाएं पहुंचीं, जिसकी शहरवासियों ने सराहना की है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन एथेनॉल के मुद्दे पर रीवा सांसद के कथित बयान को लेकर सियासी विवाद, कांग्रेस ने साधा निशाना इंदौर- दोस्ती के नाम पर की धोखाधड़ी, युवती ने अपने ही दोस्त पर लगाए गंभीर आरोप, राऊ पुलिस कर रही मामले की जांच