10 माह से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण, नागरिकों ने प्रशासन से जल्द काम पूरा कराने की मांग कीइंदौर। आमिर खान। देव गुराड़िया पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न कॉलोनियों के रहवासियों ने रविवार को अधूरे सड़क निर्माण कार्य के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन में कालिंदी मिडटाउन, विंध्य, शिवालिक, नीलगिरी, संपत, नालंदा, पुष्परतन, विनायक सहित आसपास की कई कॉलोनियों के नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखकर किया गया है।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पिछले करीब 10 माह से सड़क निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे हजारों परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अधूरी सड़क के कारण प्रतिदिन महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।रहवासियों के अनुसार बारिश के दौरान मिट्टी से बनी अस्थायी सड़क अत्यधिक फिसलन भरी और खतरनाक हो जाती है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा स्कूल बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने और निर्माण कार्य पूर्ण होने तक वैकल्पिक मार्ग को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाए जाने की भी मांग की गई।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। नागरिकों का कहना है कि यह केवल सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सिविल अस्पताल में लापरवाही का आरोप, 19 माह के मासूम की आंखों की रोशनी गई राम मंदिर चढ़ावा विवाद: अयोध्या बार एसोसिएशन का अल्टीमेटम, 3 दिन में अयोध्या छोड़ने को कहा