इंदौर। रविकांत वर्मा। मालवा जर्नलिस्ट फोरम द्वारा हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले हिंदी के प्रथम समाचार पत्र उदंत मार्तण्ड के प्रकाशन के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक निजी होटल में विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘पत्रकारिता : कल, आज और कल’ रखा गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।परिचर्चा की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार लोकेंद्र सिंह थनवार ने की। उन्होंने कहा कि कानपुर निवासी पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने 30 मई 1826 को कलकत्ता से हिंदी के प्रथम समाचार पत्र उदंत मार्तण्ड का प्रकाशन प्रारंभ किया था। उस समय इसकी कीमत मात्र दो पैसे थी। हालांकि विभिन्न कारणों से इसका प्रकाशन 4 दिसंबर 1827 को बंद हो गया, लेकिन हिंदी पत्रकारिता की जो नींव उस दौर में रखी गई, वह आज विशाल स्वरूप ले चुकी है।संस्था के सचिव प्रवीण जोशी ने भाषाई पत्रकारिता के विकास और उसकी ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कागज के आविष्कार से लेकर डिजिटल युग तक पत्रकारिता ने अनेक सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी बदलाव देखे हैं। समय के साथ माध्यम बदले हैं, लेकिन पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सूचना और जागरूकता प्रदान करना ही रहा है।उन्होंने कहा कि आज हिंदी भाषा में सर्वाधिक समाचार पत्र, पत्रिकाएं और टीवी न्यूज चैनल प्रकाशित एवं प्रसारित हो रहे हैं, जो हिंदी की व्यापक स्वीकार्यता और ताकत को दर्शाता है। उन्होंने उदंत मार्तण्ड को भारतीय नवजागरण का प्रमुख स्वर बताते हुए कहा कि हिंदी भाषा की अस्मिता और आधुनिकता के समन्वय का जो प्रयास पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने दो शताब्दी पूर्व किया था, उसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश और विदेशों में हिंदी की बढ़ती प्रतिष्ठा के रूप में दिखाई देता है।परिचर्चा में पत्रकार राजेंद्र सचदेव, कमल हेतावल, धर्मेंद्र शुक्ला, सुलतान किरमानी, सीताराम गांगले और अर्जुन सिंह राजपूत ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह, रामकिशोर लोवंशी, अशोक शर्मा, साकेत कुमार बादल, हेमंत जैन, शुभम अग्रवाल, अश्विन बाहेती, राकेश रायकवार तथा चंचल भारतीय सहित अनेक पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन माता अहिल्याबाई होलकर जयंती एवं विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर माल्यार्पण व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित