— मुस्ताअली बोहरा
अधिवक्ता एवं लेखक
भोपाल

पुलिस का कोई जवान दीवार पर पुताई कर रहा है तो हाॅक फोर्स के किसी जवान के हाथ में प्लास्टर करने वाली करनी है। जो अफसर नक्सलियों की घेराबंदी करने और काउंटर फायर का हुक्म देते थे वो अपने उन्हीं जवानों को पेयजल लाईन दुरूस्त करने, मिस्त्री से ठीक से काम करवाने की समझाईश देते दिखते हैं। जी हां………ये नजारा बालाघाट जिले के नक्सलप्रभावित रहे गांवों के सरकारी स्कूलों का है। उकवा, बैहर, लांजी, किरनापुर आदि क्षेत्रों के नक्सलप्रभावित रहे गांवों में स्थित सरकारी स्कूलों की हालत बद से बदतर हो गई है। नक्सलियों के भय से यहां ना तो निर्माण कार्य हो रहे थे और ना ही पुराने स्कूलों की मरम्मत हो पा रही थी। बड़ी मुश्किल से शिक्षक पहुंचते थे और शिक्षक आ भी गए थे बच्चे नहीं आते थे। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के माथे से नक्सलियों का कलंक मिटते ही पुलिस कप्तान आदित्य मिश्रा ने सुदूर गांवों के सरकारी स्कूलों के मरम्मत का बीड़ा उठाया है। उन्होंने इसके लिए जिले के उद्योगपति, डाॅक्टर, शिक्षाविद, बिल्डर्स और अन्य प्रतिष्ठित लोगों का सहयोग लिया है। ऐसे लोगोें ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार स्कूलों को गोद लिया है। यानि स्कूल में आने वाले खर्च गोद लेने वाला उठाएगा। बताया जा रहा है कि एक स्कूल की मरम्मत के लिए करीब सवा लाख रूपये का खर्च आ रहा है। निगरानी, देख रेख का काम पुलिस विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। इस काम में पुलिस विभाग और हाॅक फोर्स के जवान भी श्रमदान कर रहे हैं। बालाघाट की इस पहल को यदि पूरे मध्यप्रदेश में अमलीजामा पहनाया जाए तो जर्जर स्कूल भवनों की हालत सुधर जाएगी।
मध्य प्रदेश का बाालाघाट जिला कभी नक्सलियों की आरामगाह या पनाहगाह रहा है। इस जिले की सीामाएं छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से लगती हैं। यही वजह है कि नक्सली जब भी सीमावर्ती राज्यों में कहीं किसी बड़ी घटना को अंजाम देते तो वो बालाघाट के जंगलों में आकर छिप जाते थे। वो यहां खुद को महफूज समझते थे। यहां छिपने और आराम करने के अलावा नक्सली बांस कूप, बांस डिपो, महाराष्ट्र सरकार की यात्री बस जलाने, निर्माण कार्य में लगे डम्पर जलाने,पुलिस जवानों पर गोली बारी करने, लैंड माईन बिछाकर विस्फोट करने, पुलिस मुखबिरी के शक में गांव वालों की हत्या करने सहित दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। बालाघाट जिला तब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था जब तत्कालीन वन एवं परिवहन मंत्री लिखीराम कावरे की उनके घर में नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस वक्त मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह थे। नक्सल उन्मूलन के दौरान कई बार पुलिस जवानों और माओवादियों के बीच कई मर्तबा एनकाउंटर हुए। दर्जनों बार तो नक्सली घने जंगलों की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। खैर साढ़े तीन दशक बाद बालाघाट जिला नक्सलमुक्त घोषित हो गया लेकिन नक्सलप्रभावित रहे सुदूर गांवों में विकास करना, जरूरी निर्माण कार्य कराना, बिजली-पानी-सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना अभी भी चुनौती है। उम्मीद तो यही की जा रही है कि अब आदिवासी ग्रामीण अंचलों में तेजी से विकास कार्य होंगे। 

—- आसान नहीं था नक्सलियों पर नकेल लगाना 
बालाघाट मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र की सीमाओं पर स्थित है। नक्सल ऑपरेशनों के लिए एमपी पुलिस ने डीआरजी और हॉक फोर्स का गठन किया। हॉक फोर्स का मुख्यालय भोपाल से बालाघाट के कनकी में शिफ्ट किया गया। डीआरजी, हॉक फोर्स, सीआरपीएफ और कोबरा फोर्स की नक्सलियों के खात्मे में अहम भूमिका रही। दशकों से बालाघाट में जमे नक्सलियों पर नकेल लगाना इतना भी आसान नहीं था। अव्वल तो ये जिला घने जंगलों, पहाड़ों और दर्रों से घिरा हुआ है। दूसरा, इसकी सीमाएं छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से लगती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से माओवाद के खात्मे के लिए मार्च 2026 तक की डेड लाइन तय की है। इससे पहले ही बालाघाट जिला नक्सलमुक्त हो गया। बालाघाट जिले के नक्सलप्रभावित होने के कारण यहां सीआरपीएफ, हाॅक फोर्स और कोबरा बटालियन की तैनाती तो थी ही साथ ही उन्हें अतिआधुनिक हथियारों और उपकरणों से लैस किया गया। इसके अलावा पुलिस थानों को अपग्रेड किया गया, सड़कें बनाई गईं। मोबाइल टावर लगाए गए। इधर,पुलिस और सुरक्षाबलों की गहन सर्चिंग, ड्रोन सर्विलांस और गांव वालों का भरोसा जीतने के कारण नक्सलियों को स्थानीय स्तर पर सपोर्ट नहीं मिल रहा था। पुलिस सर्चिंग के कारण उनके सामने खाने पीने और रोजमर्रा की जरूरत के सामान का भी अभाव हो गया था। संगम सदस्यों के लगातार सरेंडर की वजह से माओवादी संगठन कमजोर होता जा रहा था। जवानों के हौंसले और पुलिस प्रशासन की रणनीति के कारण बालाघाट नक्सल मुक्त हो सका। यहां ये बताना लाजमी होगा कि नक्सलियों के आत्मसमर्पण के लिए सरकार ने योजना भी बनाई थी। इसमें आवश्‍यक सम्मान राशि के साथ ही प्रतिमाह 25 हजार रुपये तक शासकीय नौकरी भी देने का प्रावधान किए गए। शस्त्र और अन्‍य विस्‍फोटक असले के साथ आत्‍मसमर्पण करने पर 20 हजार से 4.5 लाख रुपये देने के साथ, जमीन खरीदने के लिए 20 लाख रुपये, प्रोत्साहन 5 लाख, घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये के साथ ही प्रशिक्षण और विवाह के लिए 50 हजार सहित शासन की योजनाओं से राहत देने के लिए नीति लागू की।
………………और ऐसे नक्सलमुक्त हुआ बालाघाट 
  सुरक्षाबलों द्वारा एक साल में दो हजार से ज्यादा सर्चिंग ऑपरेशन चलाए गए। एमएमसी जोन में सबसे ज्यादा हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और खैरागढ़ में ढाई सौ से ज्यादा और महाराष्ट्र के गोंदिया में डेढ़ दर्जन से ज्यादा ऑपरेशन चलाए गए। जब मध्यप्रदेश में सर्चिंग तेज होती तो नक्सली छत्तीसगढ़ या महाराष्ट्र के सीमावर्ती इलाकों में भाग जाते और जब वहां सर्चिंग तेज होती तो वो बालाघाट आ जाते। जब सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को उनके ही क्षेत्र में घेर लिया तो उनके सामने सरेंडर करने या जान देने के अलावा कोई विकल्प ही नहीं बचा। जब नक्सली, पुलिस का गोली का शिकार बनने लगे तो आत्मसमर्पण करने का सिलसिला तेज हो गया। कभी बालाघाट तो कभी छग में नक्सली आत्मसमर्पण करने लगे। करीब साढ़े तीन दशकों तक बालाघाट जिले सहित सीमावर्ती जिलों में दहशत फैलाने वाले नक्सल संगठन का पूरी तरह खात्मा हो गया। दरअसल, भारत में नक्सलवाद के जड़ से खात्मे की डेडलाइन 31 मार्च 2025 है, जबकि मध्य प्रदेश ने नक्सल मुक्त होने का लक्ष्य 26 जनवरी 2026 था। निर्धारित समय से पहले ही 11 दिसंबर 2025 को एमएमसी जोन के अंतिम सक्रिय नक्सली दीपक उर्फ सुधाकर और रोहित उर्फ मंगलू ने बालाघाट में सरेंडर कर दिया। 56 वर्षीय दीपक बालाघाट के पालाघोंदी और 36 वर्षीय रोहित बीजापुर (छत्तीसगढ़) के फतेनार का रहने वाला है। इनके सरेंडर के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने एमपी के नक्सल मुक्त होने की घोषणा की। बालाघाट जिले के अंतिम दो हार्डकोर माओवादी दीपक उर्फ मंगल उइके और रोहित ने सीआरपीएफ कैंप में दिसंबर 2025 को आत्मसमर्पण कर दिया था। दोनों पर कुल 43 लाख का इनाम था और इसके साथ ही बालाघाट पूरी तरह माओवादी मुक्त हो गया। जिले में सक्रिय बचे दो हार्डकोर माओवादी दीपक उर्फ सुधाकर उर्फ मंगल उइके और उसके साथी रोहित (एसीएम, दर्रेकसा एरिया कमेटी) ने बालाघाट के अंतिम छोर पर स्थित मछुरदा ग्राम पंचायत के कोरका स्थित सीआरपीएफ कैंप में आत्मसमर्पण कर दिया था। दोनों नक्सलियों ने ग्रामीणों की मदद से सीआरपीएफ कैंप में पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद जिले में कोई हार्डकोर नक्सली नहीं रह गया। वर्ष 1995 में संगठन से जुड़े दीपक उर्फ मंगल उइके ने लंबे समय तक मलाजखंड दलम के डिप्टी कमांडर और डीवीसीएम टैंक ग्रुप के सक्रिय माओवादी के रूप में काम किया। बताया जा रहा था कि दीपक नए सदस्यों की भर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क तैयार करने का काम करता था। उसने आत्मसमर्पण के दौरान एक स्टेनगन भी जमा करवाई थी। दीपक, बालाघाट जिले के ही मोहनपुर पंचायत के गांव पालागोंदी का रहने वाला है और स्थानीय इलाकों से अच्छी तरह वाकिफ था। दीपक पर तीनों राज्य (छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश) में 29 लाख लाख रुपये का इनाम था, जबकि रोहित पर 14 लाख रुपये का इनाम था। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में एक करोड़ के इनामी रामधेर सहित दर्जन भर माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। इसी के बाद दीपक के भी सरेंडर की सुगबुगाहट थी। बालाघाट में माओवादियों के संगठन में बालाघाट के तीन लोग शामिल थे, इसमें संपत जो कि राशिमेटा का रहने वाला है, जिसने अनंत के साथ महाराष्ट्र में सरेंडर किया था। इसके अलावा संगीता भी राशिमेटा की ही रहने वाली है, जिसने छत्तीसगढ़ में सरेंडर किया था। संगीता, नक्सलियों की डॉक्टर थी। तीसरा दीपक है, जिसने सीआरपीएफ कैंप में सरेंडर किया। इस तरह बालाघाट के तीन लोग जो नक्सली दलम में सक्रिय रहे थे इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण के साथ ही अब बालाघाट को नक्सल मुक्त माना जा रहा है। बालाघाट में दर्जन भर से ज्यादा सक्रिय माओवादियों ने हथियार डाले थे। बालाघाट के तत्कालीन आईजी संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि अब बालाघाट ही नहीं बल्कि पूरे मध्य प्रदेश से नक्सलवाद की समस्या खत्म हो गई है। काबिल-ए-गौर है कि एमएमसी जोन में सक्रिय रहे करीब तीन दर्जन से ज्यादा नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया और वे सभी मुख्यधारा में लौट चुके हैं। जिनमें खूंखार नक्सली अनंत भी शामिल है, जो अपने दर्जन भर साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर चुका है। इसके अलावा कबीर के साथ दस नक्सली और रामधेर के साथ ग्यारह नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। 

— 1990 में दर्ज हुई थी नक्सलियों की आमद 
बालाघाट जिले में साल 1990 में नक्सलियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद माओवादियों की दहशत बढ़ती गई। लगातार बांस कूप जलाने की घटनाएं, निर्माण कार्य में बाधा डालने, ठेकेदारों को डराने-धमकाने की बढती वारदातों को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस की एक स्पेशल फोर्स की स्थापना की गई जिसका नाम हाॅक फोर्स रखा गया। जिले के थाना बिरसा में नक्सलियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। साल 1991 में नक्सलियों ने थाना बहेला क्षेत्रान्तर्गत सीतापाला में ब्लास्ट किया था इसमें 9 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। बालाघाट जिले के सीतापाला थाना में नक्सलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद नक्सलवाद बालाघाट से मंडला और डिंडोरी तक फैल गया। साल 1991 में सीतापाला थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने पहली बड़ी वारदात की। नक्सलियों ने पुलिस बस पर हमला किया जिसमें 15 पुलिसकर्मी शहीद हुए और 15 घायल हुए। इसके बाद नक्सल वारदातें होतीं रहीं। वर्ष 1998 में सीतापाला थाना क्षेत्र में एनकाउंटर के दौरान नक्सलियों ने दो जवानों की हत्या कर दी। इससे पहले तीन-स्टेप वाले ब्लास्ट में एक जवान की मौत हुई थी। वर्ष 2006 में नक्सलियों ने 50-60 किलो विस्फोटक से बड़ा आईईडी ब्लास्ट किया, जिसमें एक ट्रक चालक और क्लीनर मारे गए। सन 2010 से 2013 के बीच टिमटिओला, तिकला और मंडला-बालाघाट के जंगलों में नक्सलियों ने चार पुलिसकर्मियों की हत्या की। मालूम हो कि नक्सल विरोधी अभियान में 38 पुलिसकर्मी शहीद हुए। 57 आम नागरिक भी जनशहीद हुए। इस दौरान 45 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए और 28 हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार किया गए। इस दौरान सुरक्षाबलों के जवानों और आम लोगों सहित 105 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। नक्सलविरोधी अभियान में हॉक फोर्स, सीआरपीएफ, कोबरा फोर्स, पुलिस जवान के दो हजार से अधिक जवानों ने मोर्चा संभाला। नक्सलउन्मूलन में सबसे बड़ा योगदान हाॅक फोर्स का रहा। साल 1998 में हाॅक फोर्स के गठन का मकसद अविभाजित मध्यप्रदेश में माओवादियों पर नकेल डालना था। उसके बाद से हॉक फोर्स जवानों को मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिलों में बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में तैनात किया गया। हॉक फोर्स के जवानों को घने जंगलों में सर्चिंग, नक्सल ऑपरेशन, काउंटर अटैक आदि की खास ट्रेनिंग मिली होती है। हॉक फोर्स का मुख्यालय पहले भोपाल में था लेकिन साल 2020 में एंटी नक्सल ऑपरेशन के बेहतर संचालन के लिए उस यूनिट का मुख्यालय बालाघाट के कनकी में कर दिया गया था। हॉक फोर्स के जवानों को नक्सल ऑपरेशन में जोखिम भरे कामों के लिए नक्सलाइट ऑपरेशन रिस्क अलाउंस दिया जाता रहा है। पुलिस को मिलने वाले नियमित वेतन से 70 फीसदी ज्यादा वेतन का प्रावधान है। छत्तीसगढ़ में संयुक्त ऑपरेशन में नक्सलियों की गोलियों से आशीष शर्मा शहीद हो गए थे। तब तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चैहान से इसके लिए गुजारिश की थी, इसी के बाद हॉक फोर्स के जवानों को अतिरिक्त भत्ता मिलने लगा।
—–  एमपी पुलिस के 38 जवान शहीद
बीते 35 वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में एमपी पुलिस के 38 जवान शहीद हुए। 11 दिसंबर 2025 को मध्य प्रदेश को नक्सल मुक्त घोषित करते समय सीएम मोहन यादव ने इन सभी 38 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी थी। इसके अलावा 57 आम नागरिक भी लाल आतंक का शिकार बने। नक्सल उन्मूलन में मोहनलाल जखमोला, प्रेमसिंह रावत, तारकेश्वर पांडे
अमलानंद कोटनाला, जगपाल सिंह, मोतीलाल नरवारिया, रामचरण, रवींद्रनाथ द्विवेदी, श्रीकृष्ण, बंजारीलाल मार्को, करणसिंह, वंश बहादुर प्रसाद,जागेश्वर प्रसाद पांडे, कन्हैयालाल, गंगाप्रसाद मिश्रा, देवेंद्र कुमार, बैजनाथ सिंह परिहार, रमेश कुमार पांडे, राजेंद्र प्रसाद दुबे, लल्लूलाल कौल, शिवकुमार परते, बिहारीलाल श्रीवास, हनुमंत सिंह, फूलसिंह कुमरे, अर्जुन सिंह, कृष्णा बाबू, मुन्‍नालाल बिसेन, रूपनारायण बंसल, दंगलसिंह ठाकुर, जगदीश दवडे, जीतसिंह टेकम, छन्नूलाल बिसेन, सेदनलाल पटेल, ऋक्षित शुक्ला, कोमलप्रसाद चैधरी, राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय, हरिचंद्र रहांगडाले और आशीष शर्मा शहीद हुए। 
——- कई बार पुरुस्कृत हो चुके आईपीएस मिश्रा
पुलिस कप्तान आदित्य मिश्रा 2018 बैच के आईपीएस हैं। उन्हें दो बार वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। तीन नक्सलियों को ढेर करने वाले आईपीएस आदित्य मिश्रा को दूसरी बार वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने 20 जून 2022 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान तीन इनामी नक्सली को ढेर किया था। मरने वाले नक्सलियों में इनामी नक्सली नागेश उर्फ राजू तुलावी, मनोज और महिला नक्सली रामे शामिल थी। नक्सली नागेश पर तीन राज्यों में 29 लाख रुपए का इनाम था। इसके साथ ही बाकी दो नक्सलियों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम था। मुठभेड़ के बाद इन नक्सलियों के पास से एके-47 भी बरामद हुई थी। मुखबिर की सूचना पर आईपीएस आदित्य मिश्रा की टीम ने नक्सलियों की घेराबंदी की थी। भोपाल में तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चैहान ने आदित्य मिश्रा को वीरता पदक से सम्मानित किया था। इसके साथ ही उनकी टीम में शामिल रहे लोगों को भी यह सम्मान मिला है। इसके अलावा वे तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने कविता सुनाई थी। सितंबर 2020 में पीएम नरेंद्र मोदी ने आईपीएस अधिकारियों के एक कार्यक्रम में ऑनलाइन शिरकत की थी। पीएम मोदी ने आईपीएस अधिकारियों से चर्चा की थी। इस दौरान आदित्य मिश्रा इंदौर में तैनात थे। उन्होंने वर्चुअल मीट में पीएम मोदी के सामने एक कविता सुनाई थी। इस कविता का शीर्षक था मैं खाकी हूं। बालाघाट जिले में बतौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बैहर) और एएसपी (नक्सल ऑपरेशन) रह चुके हैं। एएसपी रहते हुए आदित्य मिश्रा ने बालाघाट के बहुचर्चित डबल मनी मामले में खासी सक्रियता दिखाई थी। वे इंदौर में डीसीपी, राजगढ़ जिले में एसपी, इंदौर में पुलिस उपायुक्त पद पर भी रह चुके हैं। आइपीएस मिश्रा मप्र पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान के तहत हॉक फोर्स के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में रहे। बालाघाट जिले के एसपी आदित्य मिश्रा सुर्खियों में रहते हैं। नक्सल ऑपरेशन के अलावा तब वे चर्चा में आ गए थे जब पूर्व विधायक का चालान काट दिया था। मिश्रा ने पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे की बाइक रोक ली थी और वाहन के कागजात मांगे। मुंजारे ने हेलमेट भी नहीं पहना था। इसके बाद एसपी और पूर्व विधायक के बीच काफी बहस हुई। एसपी ने पूर्व विधायक को नहीं छोड़ा और 2300 रुपये का चालान काट दिया। जब उमाशंकर मुंजारे ने चालान नहीं दिया तो एसपी ने उनकी बाइक जब्त कर थाने भेज दी।

– जन-भागीदारी से जन-परिवर्तन
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के ही ज़हन में ये बात आई कि बालाघाट जिला नक्सलमुक्त तो हो गया लेकिन अभी विकास की चुनौती बाकी है। नक्सलप्रभावित गांवों में ना तो बुनियादी सुविधाएं हैं और ना ही शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी सहुलियत। इन क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के भवन इतने जर्जर हैं कि बच्चे यहां बैठ भी नहीं सकते। किसी भवन की छत टपक रही है तो कहीं दरवाजे ही नहीं है। इसके अलावा इन स्कूलों में शिक्षक भी नियमित नहीं पहुंचते थे। नक्सलियों की दहशत के कारण बच्चे जाते नहीं थे या उनके परिजन उन्हें स्कूल ही नहीं भेजते थे। मिश्रा, शिक्षा की अहमियत बखूबी जानते हैं लिहाजा उन्होंने ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया। इसके बाद शहर के रसूखदार लोगों जैसे डॉक्टर, बिजनेसमैन, शिक्षाविद, बिल्डर्स, समाजसेवियों की मीटिंग ली। उन्होंने गुजारिश की कि वो ऐसे स्कूलों को गोद लें और उनकी मरम्मत की जिम्मेदारी उठाएं। एसपी की इस पहल का स्वागत करते हुए इन लोगों ने स्कूलों को गोद लिया। एक शाला भवन की मरम्मत में करीब सवा लाख का खर्च आ रहा है। इसके अलावा, इस काम में पुलिस विभाग, हाॅक फोर्स, सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मदद कर रहे हैं। ये अफसर और जवान मरम्मत कार्य की निगरानी करने, राॅ मटेरियल संबंधित शाला तक पहुंचाने का काम करते हैं। हाॅक फोर्स के जवान तो खुद ही स्कूल की पुताई, पलस्टर, दरवाजों की रिपेयरिंग, छत की रिपेयरिंग आदि का काम कर रहे हैं। इसके अलावा स्कूलों तक बच्चों को लाने के लिए गांव वालों से संवाद किया जा रहा है, शालाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन किए जा रहे हैं। बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यहां बता दें कि पुलिस कप्तान की इस पहल पर एक सोसायटी बनाई गई है जिसमें शहर के दानदाता, बिजनसमेन, समाजसेवी शामिल हैं। इस सोसायटी ने तीन सैकड़ा स्कूल भवनों की मरम्मत का बीड़़ा उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस लाईन बालाघाट में 60 जवानों को आउट आफ टर्न प्रमोशन समारोह में “सीएम टू सोसायटी” सत्र के अंतर्गत विद्यान्जलि से जुड़े दानदाताओं एवं चेंजमेकरों से भेंट की थी। विद्यान्जलि पहल के अंतर्गत जिले के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र के 300 शासकीय स्कूलों के कायाकल्‍प का संकल्प लिया गया है, जिनमें से 100 स्कूलों का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह पहल समाज, प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से आगे बढ़ रही है और शिक्षा के क्षेत्र में ठोस बदलाव ला रही है। कार्यक्रम में विद्यान्जलि सोसायटी के पदाधिकारियों सहित सभी दानदाता एवं चेंजमेकर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और इसे “जन-भागीदारी से जन-परिवर्तन” का आदर्श मॉडल बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा ‘विद्यान्जलि’ पहल पर आधारित पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया। पुस्तक में समाज की सामूहिक शक्ति और शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा को दर्शाया गया है।ये पहल बालाघाट जिले के लिए ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए मिसाल है। जैसा बालाघाट में हो रहा है यदि ऐसा हर जिले में हो तो सारे सरकारी स्कूलों की हालत बदल जाएगी और फिर ग्रामीणों के हालात बदलने में देर नहीं लगेगी…..।

NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया's avatar

By NEWS NATIONAL WORLD समाचार राष्ट्रीय दुनिया

NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) / NNW TV NEWS NATIONAL WORLD (NNW NEWS) is a trusted digital media group and online Hindi news portal providing the latest breaking news and updates from India and around the world. Our coverage includes Politics, Crime, Public Issues, Sports, Entertainment, Bollywood, Business, Lifestyle, Art & Culture, Tourism, Social Affairs, and more. Our mission is to deliver accurate, reliable, and impactful journalism while keeping our audience informed about important developments at local, national, and international levels. "NEWS NATIONAL WORLD – Trusted Digital Media for Accurate News & Meaningful Stories." -- Management & Editorial Team -- Managing Director (MD) Ankul Pratap Singh Baghel Mobile: +91 85168 70370 // Editor Gaurav Jain (Indore) Mobile: +91 98276 74717 // Associate Editor Aamir Khan Mobile: +91 90099 11100 // Divisional Bureau Chief (Indore) Pradeep Chaudhary Mobile: +91 94250 52518 // Rewa Editor Kushmendra Singh Mobile: +91 94247 01399 // Join NEWS NATIONAL WORLD Share local news, public issues, social activities, events, sports updates, and important information from your area with us. For News Coverage, Advertising & Business Inquiries: Mobile: +91 85168 70370 Email: allindiamedia12340@gmail.com Follow and join the NEWS NATIONAL WORLD (PVT. LTD.) WhatsApp Channel for fast, reliable, and authentic news updates. NNW TV | NNW NEWS

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading