हाईवे पर दौड़ाकर पीटा, आंखों में झोंकी मिर्ची; कई जवान घायलगुना, प्रदीप चौधरी। — मध्य प्रदेश के गुना जिले में कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीनागंज क्षेत्र के पैंची गांव के पास नेशनल हाईवे-46 पर सोमवार को उग्र भीड़ ने पुलिस और एसएएफ (सशस्त्र पुलिस बल) की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रेम विवाह से जुड़े विवाद में गुस्साए लोधा समाज के लोगों ने एक आरक्षक को बंधक बनाकर पीटा और उसे बचाने पहुंची पुलिस टीम पर लाठियां, डंडे, पत्थरों और मिर्ची पाउडर से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। View this post on Instagram घटना की शुरुआत 28 दिसंबर को दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट से हुई। मोहम्मदपुर निवासी लोधा समाज की एक युवती मीना समाज के एक युवक के साथ घर से गायब हो गई थी। दोनों ने 1 जनवरी को अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया। युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से शादी की है, इसलिए पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षा के लिए भेज दिया।इस फैसले से नाराज युवती के परिजन और लोधा समाज के करीब 50-60 लोग सोमवार को बीनागंज चौकी पहुंचे। जब पुलिस ने युवती को सौंपने से इनकार किया तो वे उग्र हो गए। वापस लौटते समय उन्होंने पैंची के पास एनएच-46 पर चक्काजाम करने की कोशिश की और लड़के के घर में आग लगाने की धमकी दी।जब एक आरक्षक ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो भीड़ ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया और लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। सूचना मिलते ही बीनागंज चौकी प्रभारी के नेतृत्व में एसएएफ के आधा दर्जन जवान मौके पर पहुंचे। लेकिन पहले से तैयार भीड़ ने उन पर अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने जवानों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया, जिससे वे कुछ देख नहीं पाए। इसका फायदा उठाकर भीड़ ने लाठियों, डंडों और पत्थरों से पुलिसकर्मियों को लहूलुहान कर दिया।हमला इतना भीषण था कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए हाईवे पर भागना पड़ा। महिलाओं ने भी जमकर पथराव किया। इस उपद्रव में पुलिस का एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रधान आरक्षक मंगल सिंह तोमर, एसएएफ के एएसआई नवाब सिंह सहित कई जवान गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके सिर, हाथों और अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं तथा उपचार जारी है।घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में जिलेभर से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्दी पर हाथ उठाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना न केवल प्रेम विवाह के सामाजिक विवाद को उजागर करती है, बल्कि पुलिस पर सीधे हमले के बढ़ते मामलों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोग अब शांति की अपील कर रहे हैं, जबकि प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लेने का दावा किया है। जांच जारी है। View this post on Instagram Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन एम्बुलेंस न मिलने पर बस में हुई प्रसूता की डिलीवरी, ड्राइवर की सूझबूझ से बची मां-बच्चे की जान इंदौर पुलिस ने परदेशीपुरा-एमआईजी क्षेत्र में किया संयुक्त पैदल मार्च, बदमाशों पर कड़ी नजर