भोपाल- मुस्ताअली बोहराअधिवक्ता एवं लेखक दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद अब डोनाल्ड ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों को उनके मुल्क भेजना शुरू कर दिया है। अमेरिका के इतिहास का इसे सबसे बड़ा डिपोर्टेशन प्रोग्राम बताया जा रहा है। इस मुहिम के तहत अवैध प्रवासियों को उनके देश में वापस भेजा जा रहा है। जहां तक अमेरिका में रह रहे भारतीयों का सवाल है तो एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में करीब सवा सात लाख अवैध भारतीय प्रवासी रह रहे हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा मैक्सिकों के अवैध प्रवासी रह रहे हैं, इसके बाद अल साल्वाडोर और फिर तीसरे नंबर पर भारत का स्थान है। भारतीयों के निर्वासन की ये प्रक्रिया तब हो रही है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिकी यात्रा होनी है। वैसे तो विदेश मंत्री डाॅ एस जयशंकर पहले कह चुके हैं कि भारत अवैध रूप से विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की वैध वापसी के लिए तैयार है। लेकिन जिस तरह से सैन्य विमान से अमेरिका से भारतीय नागरिकों को भेजा गया उससे सवाल खड़े हो गए हैं। कहा जा रहा है कि भारत से अच्छा तो कोलंबिया निकला जिसने अपने सिविल विमानों को अमेरिका भेजा ताकि अपने नागरिकों को सम्मान के साथ वापस अपने देश लाया जा सके।दरअसल, डोनाल्ड ट्रम्प अवैध प्रवासियों को अपराधी तक कहते रहे हैं। सेना के विमानों से इन अवैध प्रवासियों को हाथ पैर बांधकर अपराधी की तरह ही वापस भेजा रहा है। सैन्य विमानों से वापस भेजने के पीछे ट्रम्प की सोच ये ही है कि दुनिया भर में ये मैसेज पहुंच सके कि ऐसे लोगों के खिलाफ ट्रम्प बहुत सख्त हैं। हालांकि, सिविल विमानों से इन नागरिकों को वापस भेजा जाता तो सैन्य विमानों की तुलना में काफी कम खर्च आता लेकिन वो इफैक्ट नहीं पड़ पाता जो ट्रम्प चाहते थे। लिहाजा, अपना प्रभुत्व जताने और अमेरिकी रसूख बताने के लिए इन नागरिकों को सैन्य विमानों से वापस भेजा जा रहा है। ट्रम्प की इस मंशा को कोलंबिया ने भांप लिया और अमेरिकी सैन्य विमानों के बजाए अपने सिविल विमानों से अपने नागरिकों की स्वदेश वापसी सुनिश्चित की। चाहता तो भारत भी ऐसा कर सकता था लेकिन यहां मोदी सरकार से चूक हो गई। अमेरिका में रह रहे भारत के अवैध प्रवासियों को जिस तरह से ट्रम्प ने बिना नमस्ते किए रवाना कर दिया उससे नमस्ते ट्रम्प रैली की यादें ताज़ा हो आई। नमस्ते ट्रम्प 24 फरवरी 2020 को अहमदाबाद, भारत में आयोजित एक रैली थी। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मेजबानी की गई। सितंबर 2019 में ह्यूस्टन, टेक्सास में आयोजित हाउडी मोदी कार्यक्रम के ही प्रतिक्रिया स्वरुप नमस्ते ट्रम्प का आयोजन किया गया था। आयोजन में 1,00,000 से भी अधिक लोगों की उपस्थिति बताई गई थी। भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार एक संस्था डोनाल्ड ट्रम्प अभिनंदन समिति को नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व दिया गया था। अहमदाबाद के मेयर, सभापति और गुजरात चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष भी इस समिति में बतौर सदस्य शामिल थे। खैर, अमेरिका ने अवैध प्रवासियों पर सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने इमिग्रेशन एजेंडे को पूरा करने में जुटे हैं और इसमें वे सेना की मदद ले रहे हैं। उनकी इस मुहिम का असर भारत सहित कई और भी देशों पर पड़ेगा। मालूम हो कि चुनाव के प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़े निर्वासन को अंजाम देने का वादा किया था। अमेरिकी इमिग्रेशन और सीमा शुल्क प्रवर्तन ने निर्वासन के लिए 1.5 मिलियन लोगों का नाम दिया है। इसमें से करीब 18 हजार ऐसे भारतीय नागरिकों की शुरुआती सूची तैयार की गई जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं हैं। प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के मुताबिक भारत के करीब सवा सात लाख अवैध अप्रवासी अमेरिका में रहते हैं। भले ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ये कह चुके हो कि भारत अवैध रूप से विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की वैध वापसी के लिए तैयार है लेकिन ट्रम्प और मोदी के रिश्तों को देखते हुए ये माना जा रहा था कि भारतीय नागरिकों की वापसी सम्मानजनक रूप से होगी। बहरहाल, जो भी हो पहले अहमदाबाद में नमस्ते ट्रम्प हुआ और दूसरी बार अमेरिका का प्रसीडेंट बनते ही ट्रम्प ने नमस्ते करके बाहर का रास्ता दिखा दिया। ट्रम्प का दूसरा कार्यकाल तो अभी शुरू हुआ ही है, आगे-आगे देखिए होता है क्या…….। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन खेत के रास्ते को लेकर विवाद, हत्या के दो ओर आरोपी गिरफ़्तार… अमृतकाल के बजट में जीवनामृत नहीं