OPERATION MATRIX के तहत अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क पर कार्रवाई, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी दर्ज मिलीं शिकायतें इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां ऑनलाइन ठगी की शिकार महिला को एक लाख रुपये की पूरी राशि वापस दिलाई, वहीं दूसरी ओर OPERATION MATRIX के तहत अंतरराज्यीय साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पहले मामले में इंदौर निवासी महिला (परिवर्तित नाम राधिका) सीएचएल हॉस्पिटल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर संपर्क नंबर तलाश रही थी। इस दौरान उसे एक नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अस्पताल से संबंधित बताया। आरोपी ने अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर महिला को फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर प्रक्रिया पूरी करने के दौरान महिला के खाते से एक लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई। पीड़िता ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश से ठगी की पूरी राशि एक लाख रुपये वापस कराई। वहीं, दूसरे मामले में OPERATION MATRIX के तहत फेडरल बैंक के म्यूल खाते की जांच में अंतरराज्यीय साइबर ठगी का नेटवर्क सामने आया। जांच में पता चला कि खाते के धारक ने 10 हजार रुपये लेकर अपना बैंक खाता रतलाम जिले के आलोट निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा (28) को इस्तेमाल और संचालन के लिए सौंप दिया था। आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी 10-10 हजार रुपये देकर उनके बैंक खाते प्राप्त किए और उनका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी में किया। जांच के दौरान संबंधित खाते के खिलाफ तमिलनाडु के कल्लाकुरिची और तेलंगाना के मलकाजगिरी में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होना सामने आया। क्राइम ब्रांच ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य खाताधारकों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को भी उपलब्ध कराते थे बैंक खाते क्राइम ब्रांच की एक अन्य कार्रवाई में शुभम पिता विनोद मालवीय (25), निवासी ग्राम धारियाखेड़ी, जिला मंदसौर के पास से बैंक ऑफ इंडिया के करंट अकाउंट की चेकबुक और एटीएम कार्ड मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त खाता सांवलिया बैंकिंग पॉइंट एंड मोबाइल एसेसरीज, संचालक विनोद, निवासी ग्राम मऊखेड़ी, पिपलोदा, जिला रतलाम के नाम पर है। आरोपी द्वारा ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को बैंक खाता उपलब्ध कराया जाता था। इस मामले में बैंक खाते के उपयोग और संभावित साइबर गतिविधियों की जांच महत्वपूर्ण होगी। क्राइम ब्रांच द्वारा साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों, फर्जी लिंक और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाले संदिग्ध लेनदेन पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गूगल पर मिले अस्पतालों और संस्थानों के संपर्क नंबरों की आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक कर भुगतान न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बुलडोजर के नीचे दब गए गरीबों के सपने! 599 मकान भोपाल में जमींदोज, इंदौर में भी 30 घरों पर चली कार्रवाई इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन करते पांच दोपहिया वाहन जब्त