किसी का 30 साल का आशियाना उजड़ा, किसी का बैंक लोन बाकी; बच्चों और बुजुर्गों को लेकर कहां जाएंगे परिवार? पुनर्वास, मुआवजे और मानवीय संवेदना पर उठे सवाल

भोपाल/इंदौर। अंकुल प्रताप सिंह, बघेल। एक मकान बनाने में किसी परिवार की पूरी जिंदगी गुजर जाती है। कोई पाई-पाई जोड़कर दीवारें खड़ी करता है, तो कोई बैंक से कर्ज लेकर अपने बच्चों के लिए छत का इंतजाम करता है। उस घर में बच्चों का बचपन बीतता है, बुजुर्गों की यादें जुड़ती हैं और परिवार की पीढ़ियां बड़ी होती हैं। लेकिन जब आंखों के सामने बुलडोजर उन आशियानों को मलबे में बदल देता है, तो उस परिवार के दिल पर क्या गुजरती होगी, इसका दर्द वही समझ सकता है जिसने अपना घर उजड़ते देखा हो।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और आर्थिक नगरी इंदौर में मकानों को तोड़ने की हालिया कार्रवाई ने एक बार फिर विकास, कानून और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भोपाल में 599 मकान जमींदोज, हजारों लोगों पर असर

भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में 23 नवंबर को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 में से 599 मकानों को ध्वस्त कर दिया। ये मकान वर्ष 1986 में मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए गए थे। करीब चार दशक पुराने इन भवनों को नगर निगम ने वर्ष 2016 में जर्जर घोषित किया था।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। एक मकान को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के कारण नहीं तोड़ा गया।

हाउसिंग बोर्ड ने अदालत में पुनर्विकास की योजना रखते हुए पात्र आवंटियों को निर्माण अवधि में किराया देने और नए भवन बनने पर पहले से 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल वाले मकान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, पात्रता और किराये की राशि को लेकर प्रभावित लोगों की चिंताएं भी सामने आई हैं।

इंदौर के कृष्णबाग में भी उजड़े आशियाने

इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में भी 23 नवंबर को प्रशासन ने 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। दोपहर तक 30 मकान तोड़े जा चुके थे।

यह मामला वर्ष 2003 से चले आ रहे जमीन विवाद से जुड़ा है। कार्रवाई के दौरान कई परिवारों ने विरोध जताया। प्रभावित रहवासियों का कहना था कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं। कई मकानों पर बैंक का कर्ज भी चल रहा है। कुछ रहवासियों ने नगर निगम को नियमित संपत्ति कर देने की बात कही।

मकानों को टूटते देखकर महिलाओं और बच्चों के रोने की तस्वीरें सामने आईं। प्रभावित परिवारों ने मुआवजे और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई। वहीं, हाईकोर्ट से 19 रहवासियों को अंतरिम राहत मिलने के कारण उनके मकानों पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई।

सरकार से सवाल: जिनकी पूरी कमाई मकान में लगी, उनका क्या होगा?

सबसे बड़ा सवाल उन परिवारों का है, जिन्होंने अपनी जिंदगी की पूरी कमाई घर बनाने में लगा दी। किसी ने बैंक से कर्ज लिया, किसी ने गहने गिरवी रखे और किसी ने वर्षों की मजदूरी के बाद अपने परिवार के लिए एक छोटा सा आशियाना तैयार किया।

क्या मकान टूटने के बाद उनकी आर्थिक जिम्मेदारियां खत्म हो जाएंगी? बैंक की किस्तें कौन भरेगा? बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की देखभाल कैसे होगी? जिन परिवारों का रोजगार घर से जुड़ा था, वे अब अपनी रोजी-रोटी कैसे चलाएंगे?

कड़कड़ाती ठंड के मौसम में बेघर परिवारों की परेशानी और भी बढ़ जाती है। आखिर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को लेकर ये परिवार कहां जाएंगे?

जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल और इंदौर में हुई कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों को घर देने के वादे करती है, वहीं दूसरी तरफ वर्षों से बसे परिवारों के आशियाने तोड़े जा रहे हैं।

पटवारी ने सवाल उठाया कि जिन घरों में पीढ़ियां गुजर गईं और जिन दुकानों से परिवारों की रोजी-रोटी चलती थी, उन्हें उजाड़ने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? न मकान का इंतजाम, न रोजगार की चिंता, न पर्याप्त आर्थिक सहायता और न ही पुनर्वास की कोई ठोस कार्ययोजना।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या गरीब सिर्फ आंकड़े हैं और सत्ता के बुलडोजर के सामने इंसानियत की कोई कीमत नहीं है? कांग्रेस ने इस कार्रवाई के खिलाफ सड़क से सदन तक मुखर विरोध करने की बात कही है।

भाजपा ने भी दिया जवाब

वहीं भाजपा की ओर से कहा गया कि भोपाल के जनता क्वार्टर में कार्रवाई जर्जर और खतरनाक भवनों के कारण संभावित जनहानि रोकने के लिए की गई है। हाउसिंग बोर्ड की ओर से पात्र आवंटियों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण की योजना भी अदालत के समक्ष रखी गई है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

कानून के साथ इंसानियत भी जरूरी

यह सही है कि प्रशासन को कानून का पालन कराना है और खतरनाक भवनों को लेकर कार्रवाई करना उसकी जिम्मेदारी है। लेकिन सवाल यह भी है कि ऐसी कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों की मानवीय परिस्थितियों को कितनी प्राथमिकता दी गई?

किसी भी परिवार को बेघर करना केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि उसके पूरे जीवन को प्रभावित करने वाला फैसला होता है। इसलिए पुनर्वास, उचित आर्थिक सहायता, वैकल्पिक आवास और रोजगार की व्यवस्था को भी उतनी ही गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

आखिर सरकारें मकान बनाने की योजनाएं इसलिए चलाती हैं कि हर गरीब के सिर पर छत हो। लेकिन जिन लोगों की छत छिन गई, उनके आंसू कौन पोंछेगा? बुलडोजर से मकान तो गिराए जा सकते हैं, मगर उन परिवारों की जिंदगी दोबारा बसाने की जिम्मेदारी भी सरकार की ही है।

NEWS NATIONAL WORLD's avatar

By NEWS NATIONAL WORLD

NNW NEWS NATIONAL WORLD MP/CG NEWS, समाचार, क्राइम, जन समस्या, पॉलिटिक्स, बॉलीवुड, सामाजिक,इत्यादि। मीडिया समूह का ऑनलाइन हिंदी समाचार पोर्टल है, जो की राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, जीवन शैली, कला संस्कृति, पर्यटन से जुड़ी खबरों को हिंदी भाषा में एक ही स्थान पर लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज के साथ प्रदान करता है। अंकुल प्रताप सिंह,बघेल +91 8516870370 सब एडिटर गौरव जैन इंदौर +91 98276 74717 सह संपादक आमिर खान इंदौर +91 9009911100, प्रदीप चौधरी, संभाग ब्यूरो चीफ इंदौर +919522447447, रीवा जिला ब्यूरो चीफ कुशमेन्द्र सिंह +91 94247 01399.

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading