बीड़ी नहीं देने और पुराने उधारी के पैसे मांगने पर की गई थी बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल रीवा। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पांती के गड्डी रोड पर हुई अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बीड़ी नहीं देने और पुराने उधारी के पैसे मांगने से नाराज होकर बुजुर्ग की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना मरावी के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) उदयभान बागरी और उप पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक के मार्गदर्शन में थाना गोविंदगढ़ एवं चौकी शिवपूर्वा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाई। दुकान और घर में अकेले रहते थे मृतक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 नवंबर 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि गड्डी रोड, मूड़ा के पास स्थित एक घर में विद्यार्थी पटेल का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र राजनारायण पटेल (50 वर्ष), निवासी ग्राम पांती ने पुलिस को बताया कि उनके पिता विद्यार्थी पटेल दुकान एवं मकान में अकेले रहते थे। उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से सिर कुचलकर उनके पिता की हत्या कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ की गई, जिसमें ग्राम छोटी पांती निवासी धर्मराज यादव उर्फ लूलू यादव (37 वर्ष), पिता छोटे लाल यादव की संलिप्तता सामने आई। बीड़ी और उधारी के विवाद में की हत्या पुलिस के अनुसार, आरोपी 07 एवं 08 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे मृतक विद्यार्थी पटेल की दुकान पर पहुंचा था। वहां उसने मृतक से बीड़ी मांगी, लेकिन बीड़ी नहीं देने और पुराने उधारी के पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने मृतक पर हमला कर दिया। इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी धर्मराज यादव उर्फ लूलू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल होंडा साइन क्रमांक MP17-2R-2969, एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, एक नीले रंग का की-पैड मोबाइल, तीन पत्थर एवं एक लाठी जब्त की गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 315 एवं 238 में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह बघेल, उपनिरीक्षक निशा खुटा, साइबर सेल उपनिरीक्षक गौरव मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण गौतम, प्रधान आरक्षक के.पी. सिंह, कृष्णपाल सिंह, आरक्षक नीरज पाण्डेय, मनोज यादव, सुभाष चंद्र भारती, अनंत शर्मा, शिवम सिंह, ललित दीक्षित, उमेश मिश्रा, सुंदरम मिश्रा एवं सैनिक प्रदीप दुबे की सराहनीय भूमिका रही। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर: होटल की छत से गिरने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, आर्थिक तंगी और बेरोजगारी की बात आई सामने अब जनता बनेगी ट्रैफिक प्रहरी, नियम तोड़ने वालों की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचेगी
You must be logged in to post a comment.