20 साल की नौकरी में 65 लाख रुपये वेतन, जांच में 271.46 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का दावा इंदौर/धार। प्रदीप चौधरी। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धार जिले की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बुधवार 4 नवंबर को लोकायुक्त की तीन अलग-अलग टीमों ने ग्राम सोड़पुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर सर्च कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में प्रबंधक के पास करीब 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये की अनुपातहीन संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार, शेरसिंह ठाकुर करीब 20 वर्षों से सहकारी समिति में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। इस अवधि में उन्हें लगभग 65 लाख रुपये वेतन के रूप में प्राप्त हुए, जबकि उनकी संपत्तियों और खर्चों का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये पाया गया है। लोकायुक्त ने इसे वैध आय की तुलना में 271.46 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति बताया है। दो मंजिला मकान से लेकर कृषि भूमि तक संपत्ति लोकायुक्त की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने ग्राम सोड़पुर में 1520 वर्ग मीटर का भूखंड खरीदकर करीब 2400 वर्गफीट में दो मंजिला भवन बनवाया है। भूखंड की खरीद और निर्माण पर लगभग 97 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोड़पुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन करीब 20 लाख रुपये में खरीदे जाने की जानकारी मिली है। आरोपी की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर ग्राम सोड़पुर में 0.645 हेक्टेयर और ग्राम मांडव में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी गई है। इन दोनों जमीनों की अनुमानित कीमत क्रमशः 8 लाख और 42 लाख रुपये बताई गई है। जेसीबी, ट्रैक्टर और कार सहित वाहन भी मिले जांच में आरोपी के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरण होने की जानकारी सामने आई है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी लोकायुक्त को मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। संपत्तियों से जुड़े अन्य कृषि उपकरण, ट्रैक्टर और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का भी आकलन किया जा रहा है। तीन टीमों ने एक साथ शुरू की कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन और एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें सर्च कार्रवाई में जुटी हैं। लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों ठिकानों पर तलाशी और संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और अन्य संभावित निवेशों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन अवैध शराब कारोबारियों पर अब NSA तक की कार्रवाई की तैयारी, संभागायुक्त ने दिए सख्त निर्देश त्योहारों पर बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, सराफा-राजवाड़ा सहित प्रमुख बाजारों में पेट्रोलिंग तेज