विजय नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला, 17 मोबाइल और 20 सिम कार्ड सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त इंदौर, 27 अक्टूबर 2026। प्रदीप चौधरी। शहर में म्यूल बैंक खातों के जरिए कथित साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में विजय नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की शुरुआती जांच में छह बैंक खातों के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 सिम कार्ड, 17 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, तीन सीपीयू, एक हार्ड डिस्क सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को विजय नगर थाना पुलिस को म्यूल बैंक खातों के माध्यम से संदिग्ध वित्तीय लेनदेन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिलीप पाण्डे से पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम प्रिंसेस स्काई बिजनेस पार्क स्थित द रैपिड इन्वेस्टर्स कंपनी के कार्यालय पहुंची, जहां कंपनी संचालक शुभम शर्मा मिला। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर कॉलिंग के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उनसे राशि प्राप्त की जाती थी। इसके बाद रकम कंपनी के बैंक खातों और दिलीप पाण्डे के माध्यम से उपलब्ध कराए गए कथित म्यूल बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। कर्मचारियों को प्राप्त राशि के आधार पर हिस्सा दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इन तथ्यों की पुष्टि के लिए पुलिस वित्तीय रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच कर रही है। इन 11 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला पुलिस ने मामले में दिलीप पाण्डे, शुभम शर्मा, एहमद राजा शेख, भरत भूषण कुशवाह, नरेश यादव, विजेन्द्र, अमित मणी, रमनदीप सिंह भाटिया, नरेन्द्र पाटीदार, अमित चौरसिया और योगेश पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सभी नामजद व्यक्तियों की भूमिका और कथित वित्तीय लेनदेन से उनके संबंधों की जांच की जा रही है। छह बैंक खातों से करीब एक करोड़ का लेनदेन प्रारंभिक विवेचना में पुलिस को छह बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें करीब एक करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इन खातों का वास्तविक संचालन कौन कर रहा था, रकम किन स्रोतों से प्राप्त हुई और बाद में किन खातों में स्थानांतरित की गई। 17 मोबाइल, 20 सिम कार्ड और कंप्यूटर उपकरण जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, तीन सीपीयू, एक हार्ड डिस्क सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। इनकी जांच से संदिग्ध लेनदेन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका के बारे में अतिरिक्त जानकारी मिलने की संभावना है। साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस डीसीपी अमन सिंह राठौर के अनुसार, मामले में बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित म्यूल खातों का इस्तेमाल किन-किन वित्तीय गतिविधियों में किया गया और इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद संदिग्ध लेनदेन और कथित साइबर धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन महिला मित्र के फ्लैट में मिला बिजली कंपनी के लाइनमैन का शव, हाथों पर चोट के निशान मिलने से उठे सवाल इंदौर में देर रात असामाजिक तत्वों का उत्पात, कारों और मकान की खिड़कियों के कांच फोड़े