ट्रेन में पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दंपती को बनाया था शिकार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न रेलवे थानों में दर्ज हैं 13 मामले गुना। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करते हुए जीआरपी गुना ने ट्रेन में जहरखुरानी और चोरी के मामले में एक आरोपी को झारखंड के जामताड़ा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चांदी की चेन और ब्रेसलेट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध विभिन्न रेलवे पुलिस थानों में जहरखुरानी के 13 अपराध पहले से दर्ज हैं। पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दंपती को किया बेहोश पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को भोपाल निवासी नर्मदा प्रसाद अपनी पत्नी कृष्णा बाई के साथ ट्रेन क्रमांक 14814 भोपाल-जोधपुर के जनरल कोच में भोपाल से जयपुर जा रहे थे। पगारा रेलवे स्टेशन के आसपास एक अज्ञात व्यक्ति ने पानी की बोतल में नशीला पदार्थ मिलाकर दंपती को पिला दिया। दोनों के बेहोश होने पर आरोपी चांदी की चेन, ब्रेसलेट, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। होश में आने के बाद फरियादी ने जयपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 51/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) और 123 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुना, अशोकनगर, भोपाल और बीना रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और संदिग्ध की पहचान के आधार पर पुलिस झारखंड के जामताड़ा जिले तक पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी धुरगुज मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 73 ग्राम वजन की चांदी की चेन और 159 ग्राम का चांदी का ब्रेसलेट बरामद किया। दोनों आभूषणों का कुल वजन 232 ग्राम और अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। झारखंड का निवासी है आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान धुरगुज मंडल (39), पिता स्वर्गीय सहदेव मंडल, निवासी ग्राम कुरवा, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस टीम की रही भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रीपाल सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप रघुवंशी, आरक्षक प्रदीप सिंह, जितेन्द्र धाकड़, सूरज धाकड़ और सत्येन्द्र त्यागी के साथ आरपीएफ के आरक्षक संदीप सैनी एवं प्रधान आरक्षक भोलाराम गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन लंबित मामलों पर चर्चा के लिए बैठक बुलाना शक्तियों के बंटवारे के सिद्धांत का उल्लंघन: CJI सूर्यकांत इंदौर में 12 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ कार सवार दो आरोपी गिरफ्तार