इंदौर। शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने 27 मार्च 2026 को पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। यह बैठक पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस कमिश्नर ने पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए डायल-112 सेवा के बेहतर संचालन, अवैध मादक पदार्थों पर रोकथाम, बीट और माइक्रो बीट सिस्टम की सक्रियता तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिकों को तत्काल सहायता मिले, इसके लिए डायल-112 की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। एफआरवी (फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल) वाहनों में पर्याप्त स्टाफ तैनात रहे, नियमित पेट्रोलिंग हो और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा एफआरवी वाहनों में उपलब्ध उपकरणों की नियमित जांच, बॉडी वार्न कैमरा और डैशबोर्ड कैमरों का अनिवार्य उपयोग करने के भी निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बीट और माइक्रो बीट सिस्टम को सक्रिय रखते हुए पुलिस बल की कार्यप्रणाली की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इन गतिविधियों में शामिल बदमाशों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। एनडीपीएस एक्ट के तहत आदतन अपराधियों पर विशेष नजर रखने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना जाए और उनके त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए मोहल्ला समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर महिला सुरक्षा, यातायात और साइबर अपराध जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान डायल-112 टीम द्वारा थाना प्रभारियों को एफआरवी संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
अपराध, खबर वही , अंदाज नया., न्यूज नेशनल वर्ल्ड, मध्य प्रदेश, crime' क्राइम
बेहतर पुलिसिंग के लिए इंदौर पुलिस की बड़ी बैठक, डायल-112 और मादक पदार्थों पर सख्ती के निर्देश
