उज्जैन/बड़नगर। गुलाबपुरा और बक्षराज फैक्ट्री क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को बड़नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग एक-एक लोहे का धारदार चाकू जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी 9 माह से फरार स्थायी वारंटी भी निकला।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन और एसडीओपी महेंद्र सिंह परमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार व टीम ने 27 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए पप्पू उर्फ बब्बू (35) निवासी गुलाबपुरा बड़नगर और सनी वसुनिया (23) निवासी शिवगढ़ हाल मुकाम बक्षराज फैक्ट्री को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गुलाबपुरा स्थित दरगाह के सामने और बक्षराज फैक्ट्री क्षेत्र में कुछ व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
आरोपियों के खिलाफ थाना बड़नगर में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी पप्पू डामर के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि पप्पू उर्फ बब्बू के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था और वह पिछले करीब 9 माह से फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार, उप निरीक्षक हेमंत कटारे, उप निरीक्षक चांदनी पाटीदार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
