भोपाल, प्रदीप चौधरी। 26 फरवरी 2026: विधानसभा में अब तक की कार्यवाही पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सदन में सरकार केवल आंकड़े गिनाती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कहीं अलग है।

सिंघार ने बयान दिया, “सरकार मंत्री सदन के अंदर सिर्फ आंकड़ों का जाल बुनते हैं, जबकि जमीन पर काम नहीं दिखता। आंकड़े गिनाने की बजाय असल में विकास कार्य करें। मुख्यमंत्री किसानों से बात तक नहीं करना चाहते, यही उनकी प्राथमिकता बयां करता है।”

उन्होंने सिंगरौली कोल ब्लॉक पर आज होने वाली चर्चा का जिक्र करते हुए कहा, “आदिवासियों के विस्थापन का मुद्दा आज सदन में उठेगा। मैं समझता हूं कि सरकार सिंगरौली के लोगों के साथ न्याय करेगी और उनके हक की रक्षा करेगी।”

नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि नतीजे सरकार को ही भुगतने होंगे, क्योंकि जनता जमीनी हकीकत अच्छी तरह समझ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह आंकड़ों के खेल के बजाय वास्तविक विकास और जन-कल्याण पर ध्यान दे।

यह बयान विधानसभा सत्र के बीच सरकार की नीतियों पर विपक्ष के बढ़ते हमले का संकेत देता है।