ब्राउन शुगर, एमडी ड्रग्स और गांजा जब्त, लाखों रुपये का मश्रुका बरामद; मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर कर रहे थे ड्रग्स की तस्करी, 10 हजार का इनामी आरोपी भी पकड़ाया इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इंदौर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और थाना राऊ व भंवरकुआं पुलिस ने पांच अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर, एमडी ड्रग्स और गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिलें और अन्य वाहन भी जब्त किए गए हैं। क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग कार्रवाई में मोटरसाइकिल की पिछली सीट के नीचे मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में सुपर कॉरिडोर रोड स्थित मेट्रो पिलर क्रमांक पी-206 के पास बजाज पल्सर की तलाशी लेने पर 13 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पुलिस ने रोहित ठाकुर (22) निवासी गांधीनगर और रवि यादव (24) निवासी आजाद नगर को गिरफ्तार किया। जब्त ब्राउन शुगर और मोटरसाइकिल की कुल कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है। दूसरी कार्रवाई में राजकुमार सब्जी मंडी रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास होंडा शाइन मोटरसाइकिल सवार रोहित मेहरा (24) और आयुष चंदेरिया (22), निवासी भागीरथपुरा को पकड़ा गया। तलाशी में मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी 12.01 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स और मोटरसाइकिल सहित करीब 1.70 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। एमडी ड्रग्स के पुराने मामले में 10 हजार का इनामी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के पुराने मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमन पटेल (26), निवासी देवास को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 को स्कीम नंबर 134 स्थित दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे महिंद्रा थार से 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान बैकवर्ड ट्रेसिंग में अमन पटेल की कथित सप्लाई नेटवर्क में भूमिका सामने आई थी। घटना के बाद से फरार आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा गया। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मजदूरों को बेच रहा था ब्राउन शुगर तीसरी कार्रवाई में थाना राऊ पुलिस ने रंगवासा फाटक स्थित गुरुकुल कॉलोनी के व्यावसायिक क्षेत्र में दबिश देकर राजेश उर्फ शिशुपाल (48) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मजदूरों को नशे की पुड़िया बेच रहा था। तलाशी में उसके पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई और अन्य संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है। फुटकर बिक्री के लिए गांजा लेकर पहुंचा आरोपी गिरफ्तार पांचवीं कार्रवाई में थाना भंवरकुआं पुलिस ने हिम्मतनगर पालदा क्षेत्र से मनु बोरासी (49), निवासी बड़ी ग्वालटोली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर और औद्योगिक क्षेत्र पालदा में गांजे की फुटकर बिक्री के उद्देश्य से पहुंचा था। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इंदौर पुलिस ने नागरिकों और युवाओं से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन परिसीमन के नाम पर वायरल लोकसभा सीटों का नक्शा भ्रामक, सरकार ने नहीं की आधिकारिक घोषणा