बैनर-पोस्टर से पिता-पुत्र गायब, कार्यक्रम में भी नहीं मिला न्योता; पार्षद भावना मिश्रा के आयोजन में जुटे भाजपा के कई दिग्गज नेता इंदौर। प्रदीप चौधरी शहर की राजनीति में दीपावली उपहार वितरण का एक कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड क्रमांक 07 में पार्षद भावना मनोज मिश्रा द्वारा आयोजित दीपावली उपहार वितरण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ और दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए। राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी खेमे के नेताओं की एकजुटता से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आयोजन के बैनर और पोस्टर से कैलाश विजयवर्गीय और उनके बेटे का नाम व तस्वीर नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र को कार्यक्रम में आमंत्रित भी नहीं किया गया। ऐसे में आयोजन को लेकर शहर की भाजपा राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। महावीर बाग में आयोजित समारोह में करीब 2100 वार्डवासियों को दीपावली उपहार सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, वरिष्ठ भाजपा नेता उमाशशि शर्मा, विधायक मनोज पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, सावन सोनकर, प्रताप करोसिया, पूर्व पार्षद मनोज मिश्रा, पार्षद राहुल जायसवाल, गोपाल गोयल सहित कई नेता और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। राजनीतिक दृष्टि से इस आयोजन में पूर्व पार्षद मनोज मिश्रा की सक्रियता भी चर्चा में रही। उनकी पत्नी भावना मिश्रा वार्ड क्रमांक 07 की पार्षद हैं। एक नंबर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से इसे दीपावली मिलन और उपहार वितरण समारोह बताया गया है, लेकिन नेताओं की मौजूदगी और बैनर-पोस्टर से कुछ प्रमुख नामों की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार, 18 आपराधिक मामले दर्ज