14 राज्यों के बाइक राइडर्स के साथ इंदौर पुलिस ने भी दिया, राष्ट्रीय एकता के साथ ‘Fight Against Drugs’ का संदेश इंदौर, 23 अक्टूबर 2026। प्रदीप चौधरी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तथा 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता हेतु देशव्यापी यात्रा पर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली आज इंदौर पहुंची। इस अवसर पर डेली कॉलेज, इंदौर में रैली का भव्य स्वागत समारोह एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के समन्वय से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान में मध्यप्रदेश सहित देश के 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स सहभागिता कर रहे हैं। लगभग 2,600 किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय कर इंदौर पहुंचे, जिसमें मध्यप्रदेश पुलिस का सात सदस्यीय बाइक राइडर्स दल भी शामिल है। स्वागत समारोह व जागरूकता कार्यक्रम पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-01 श्री नरेंद्र रावत, पुलिस उपायुक्त जोन-03 श्री अभिषेक रंजन, सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ दुर्गेश मिश्रा, विभिन्न राज्यों से आए पुलिस बाइक राइडर्स, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारी, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यगण, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यगण तथा इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नशे से दूरी है जरूरी का संदेश –कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। अनवरत ग्रुप के विद्यार्थियों ने माइम (मूक नाटक) की प्रस्तुति, श्री दीपक नेमा ने मिमिक्री, डॉ. रागिनी मक्कड़ एवं नादयोग गुरुकुल ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति, श्री आस्तिक ने रैप सॉन्ग तथा जोशी डांस ग्रुप के नन्हे कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान शानदार प्रस्तुति पर प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। नशामुक्ति की इस जागरूकता मुहिम के तहत मिलेनियम स्कूल में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता तथा देहली पब्लिक स्कूल निपनिया में आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया । साथ ही अति पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती सीमा अलावा के मार्गदर्शन में कलाकारों द्वारा बनाई say no to drugs की एक प्रेरक पेंटिंग का अनावरण भी किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने देश के 14 राज्यों से आए पुलिस परिवार के बाइक राइडर्स का अभिवादन करते हुए कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का राष्ट्रव्यापी संदेश है।उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री की मंशा के अनुरूप दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस बलों के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ अभिभावकों, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि इंदौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। साथ ही, सभी बाइक राइडर्स को सुरक्षित यात्रा एवं राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इंदौर की सड़कों पर निकली एकता और नशामुक्ति की संदेशवाहक रैलीराष्ट्रीय बाइक रैली के इंदौर आगमन पर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने भी इसमें सहभागिता की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं श्री मयंक अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों ने रैली को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।रैली डेली कॉलेज से प्रारंभ होकर व्हाइट चर्च चौराहा, जीपीओ चौराहा, भंवरकुआं चौराहा, राजीव गांधी चौराहा और गीताभवन होते हुए पलासिया सेल्फी पॉइंट पर समाप्त हुई। रैली के दौरान ‘Fight Against Drugs’ का संदेश शहर की सड़कों पर गूंजा। इस राष्ट्रव्यापी बाइक रैली के प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं। विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध कारोबार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 70 हजार की ब्राउन शुगर के साथ सुजल उर्फ लड्डू गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच के दो मामलों में था फरार बदनावर में लोकायुक्त की कार्रवाई, 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते बिजली कंपनी का लाइन परिचालक गिरफ्तार