क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के चार मामले दर्ज इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस 125 दोपहिया गाड़ी भी जब्त की गई है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात क्राइम ब्रांच की टीम पशु चिकित्सालय के सामने, पत्थर गोदाम रोड पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद सुजुकी एक्सेस 125 पर बैठा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान यश मकोरे (22), निवासी छत्रीपुरा थाना क्षेत्र, इंदौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1.20 लाख रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर और करीब 80 हजार रुपये कीमत का दोपहिया वाहन जब्त किया है। मामले में थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में अपराध क्रमांक 0166/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी पर पहले से चार आपराधिक मामले पुलिस के मुताबिक, आरोपी यश मकोरे सातवीं कक्षा तक शिक्षित है और शादी समारोहों में ढोलक बजाने का काम करता है। उसके विरुद्ध पहले से एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत चार आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। इनमें क्राइम ब्रांच में वर्ष 2024 का एक मामला, छत्रीपुरा और चंदननगर थानों में वर्ष 2025 के दो मामले तथा छत्रीपुरा थाने में सितंबर 2026 का आबकारी एक्ट का एक मामला शामिल है। सप्लायर और नेटवर्क की जांच जारी क्राइम ब्रांच आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लायर और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। इस वर्ष 171 आरोपी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच के जारी प्रेस नोट के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 14 अक्टूबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 77 प्रकरणों में 171 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.0897 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 32.402 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 385.12 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3 करोड़ 99 लाख 86 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए जाने का उल्लेख है। क्राइम ब्रांच की टीम की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर में एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मयंक उर्फ कृष्णा को पकड़ा मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों के कलेक्टर बदले