इंदौर। प्रदीप चौधरी।। साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से इंदौर ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को किशनगंज थाना क्षेत्र स्थित बंसल कॉलेज में “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक एवं कॉलेज स्टाफ शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक ललित, क्षेत्र के थाना प्रभारी, इंदौर ग्रामीण पुलिस की साइबर टीम, कॉलेज के डीन विकेश गुप्ता एवं विकास मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रेयसी श्रीवास्तव ने किया।अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं ओटीपी फ्रॉड जैसे अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं जिम्मेदार रहना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। श्री वर्मा ने कहा कि यदि प्रत्येक युवा साइबर सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुंचाए, तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत चौधरी ने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों को “साइबर वॉरियर” बनकर समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।वहीं, उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और जिम्मेदार नागरिक कर्तव्यों के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली।कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने साइबर एवं यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर महू क्षेत्र के लिए रवाना किया। यह रथ महू एवं आसपास के क्षेत्रों में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराधों तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करेगा।पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा के निर्देशन में इंदौर ग्रामीण जिले के किशनगंज, महू, सांवेर, देपालपुर, गौतमपुरा, सिमरोल, खोड़ैल, बड़गोंदा, मानपुर, बेटमा और हातोद सहित सभी थाना क्षेत्रों में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।“सजग नागरिक-सुरक्षित साइबर स्पेस” और “सावधानी ही सुरक्षा है” के संदेश के साथ इंदौर ग्रामीण पुलिस का यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन पीटीसी इंदौर में 79वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ इंदौर में ‘सेफ क्लिक-2.0’ अभियान का शुभारंभ, पुलिस कमिश्नर ने किया साइबर जागरूकता का आह्वान