भोपाल।। मध्य प्रदेश में लॉरेंस गैंग के नाम पर आ रही करोड़ों रुपये की वसूली की धमकियों को लेकर डीजीपी कैलाश मकवाना ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेशभर में दर्ज ऐसे सभी मामलों की जांच अब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को सौंप दी गई है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में लॉरेंस गैंग और उसके सहयोगी हैरी बॉक्सर के नाम से व्यापारियों और लोगों को धमकाकर पैसे मांगने के कई मामले सामने आए हैं। इन मामलों के अंतरराज्यीय संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका के चलते सभी प्रकरणों की जांच एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) के रूप में STF की निगरानी में की जाएगी।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित जिलों से केस डायरी तत्काल STF को भेजी जाएगी, जिसके बाद एजेंसी गहन जांच शुरू करेगी। STF मुख्यालय भोपाल से ही जांच संचालित करेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी टीम में शामिल किया जा सकेगा।

पुलिस का मानना है कि गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डर पैदा कर अवैध वसूली की कोशिश की जा रही है। ऐसे में केंद्रीकृत जांच से पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

प्रदेश पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और अफवाहों से बचें। STF की कार्रवाई के बाद वसूली गिरोह पर बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।