सीधी।। मध्य प्रदेश के सीधी जिले स्थित संजय टाइगर रिजर्व से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। मड़वास बफर क्षेत्र में एक नर तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना 26 मार्च 2026 की सुबह की है, जब गश्ती दल को कक्ष क्रमांक पी-1392, बीट पश्चिम मड़वास वन परिक्षेत्र में गश्त के दौरान मृत तेंदुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एनटीसीए नई दिल्ली तथा मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय भोपाल के निर्देशों पर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया। डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के इलाके की सघन जांच की गई, ताकि शिकार या बाहरी हस्तक्षेप की संभावना को खारिज किया जा सके।
मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत आपसी संघर्ष के कारण होना प्रतीत हो रही है। तेंदुए की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष बताई गई है और उसके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार की आशंका नहीं जताई जा रही। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित रखकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
एनटीसीए की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की मौजूदगी में तेंदुए के शव का भस्मीकरण किया गया। संजय टाइगर रिजर्व के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि तेंदुओं के बीच बढ़ता क्षेत्रीय संघर्ष और आवास पर दबाव इन मौतों की बड़ी वजह बन सकता है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
#मौत, अपराध, खबर वही , अंदाज नया., जागरूकता, न्यूज नेशनल वर्ल्ड, मध्य प्रदेश, शव, हत्या, crime' क्राइम
संजय टाइगर रिजर्व में फिर तेंदुए की मौत, आपसी संघर्ष बना कारण
