इंदौर। प्रदीप चौधरी। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के कसरावद थाना में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक (एसआई) रवीन्द्र कुमार गुरू को 7,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक शिकायत के निराकरण के बदले कुल 20,000 रुपये की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम चंदावड़, तहसील भगवानपुरा निवासी किसान श्यामलाल उपाध्याय के खिलाफ जान से मारने की धमकी की शिकायत कसरावद थाने में दर्ज थी। मामले को निपटाने के एवज में आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। इसकी शिकायत आवेदक ने लोकायुक्त इंदौर से की, जिसके सत्यापन के बाद 27 मार्च 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया।
लोकायुक्त टीम ने कसरावद बस स्टैंड पर जाल बिछाकर आरोपी को आवेदक से 7,000 रुपये लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त संगठन ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो तुरंत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर से संपर्क करें।
#Breaking_news, अपराध, खबर वही , अंदाज नया., न्यूज नेशनल वर्ल्ड, भ्रष्टाचार, मध्य प्रदेश, crime' क्राइम
7 हजार की रिश्वत लेते कार्यवाहक एसआई रंगे हाथों गिरफ्तार
