इंदौर। मंदसौर जिले के नारकोटिक्स सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन/एमडीएमए) की तस्करी करते एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 255 ग्राम एमडी ड्रग्स सहित उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
थाना नारकोटिक्स सेल, मंदसौर प्रकोष्ठ के उपनिरीक्षक हेमेंद्र जोशी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ (राजस्थान) के ग्राम टकरावद, थाना हथुनिया निवासी उदयलाल पिता मांगीलाल मीणा (उम्र 43 वर्ष) मोटरसाइकिल से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर 10 नंबर नाके पर घेराबंदी की गई।
रात करीब 8:00 से 8:30 बजे के बीच आरोपी हाईवे फोरलेन मार्ग से राजस्थान की ओर जा रहा था, जहां वह किसी तस्कर को एमडी ड्रग्स सौंपने जा रहा था। थाना वायडीनगर क्षेत्र में उसे रोका गया। तलाशी में उसके कब्जे से कुल 255 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह एमडी ड्रग्स ग्राम सांकरिया निवासी सुरेश नामक व्यक्ति से लाया गया था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस कार्रवाई से मालवा क्षेत्र में बढ़ते सिंथेटिक ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका पहुंचाया है। नारकोटिक्स टीम लगातार मुखबीरों की सूचना पर सक्रिय निगरानी रख रही है।
अपराध, खबर वही , अंदाज नया., न्यूज नेशनल वर्ल्ड, मध्य प्रदेश, crime' क्राइम
