इंदौर (प्रदीप चौधरी): नगर निगम के उद्यान विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। श्री नगर एक्सटेंशन इलाके में रात के अंधेरे में 50 साल पुराने हरे-भरे आम के पेड़ को कुल्हाड़ी से काट दिया गया। स्थानीय रहवासियों के विरोध करने पर निगम कर्मचारियों ने रंगदारी दिखानी शुरू कर दी। मामले में मुख्य आरोपी के रूप में उद्यान विभाग के कर्मचारी राजेंद्र चावलिया का नाम सामने आ रहा है, जिन पर पेड़ कटाई माफिया होने के आरोप लगे हैं। घटना मकान नंबर 323 के पास की है, जहां बुधवार रात करीब 8 बजे अंधेरे का फायदा उठाकर पेड़ काटा गया। रहवासियों का कहना है कि निगम की गाड़ी से आए कर्मचारियों ने अवैध रूप से यह कार्रवाई की और पेड़ की लकड़ी को खुर्द-बुर्द कर गायब कर दिया। विरोध करने पर कर्मचारियों ने धमकियां दीं। पार्षद पति दिनेश सोनगरा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निगम की इस मनमानी पर कड़ी आपत्ति जताई। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले पर चुप्पी साध रखी है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राजेंद्र चावलिया ही पेड़ कटाई का माफिया है। वह रात में विभागीय गाड़ी भेजकर कर्मचारियों से पेड़ कटवाता है और लकड़ी गायब करवाता है। जोन 09 में लकड़ी गायब करने के एक अन्य मामले में बुधवार को फिर शिकायत दर्ज की गई, जिसमें जांच चल रही है। शिकायतकर्ताओं ने खुलासा किया कि विभागीय साठगांठ से चावलिया को अधिकारी बचाते रहे हैं। वह कई बार सस्पेंड हो चुका है, फिर भी 60 हजार रुपये से अधिक वेतन पाता है और विभाग ने उसे कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। लॉकडाउन के दौरान (13 अप्रैल 2021 को मौका पंचनामा) ऑरेंज शर्ट में खड़े चावलिया ने 25 से अधिक पेड़ कटवाकर लकड़ी गायब कर दी थी। उस समय शिकायत पर उसे उद्यान विभाग से हटाकर स्वास्थ्य विभाग भेजा गया था, लेकिन नेताओं और अधिकारियों से साठगांठ कर वह फिर उद्यान विभाग में पदस्थ हो गया। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। निगमायुक्त से इस प्रकरण में हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई है। फिलहाल, विभाग की खामोशी से भ्रष्टाचार के आरोप और गहरा गए हैं। View this post on Instagram Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर पुलिस की अनूठी पहल : “जनता की बात पुलिस के साथ” – चंदन नगर में मोहल्ला बैठक संपन्न पटना रोड शो: एनडीए के लिए तीन बुरी खबरें