अभी की अपडेट –
इंदौर के नवविवाहित जोड़े राजा और सोनम रघुवंशी के मेघालय हनीमून मर्डर मिस्ट्री में सनसनीखेज खुलासा! शिलांग के होटल के सीसीटीवी फुटेज में सोनम को फोन पर बात करते हुए बार-बार स्कूटी से दूर जाते और राजा के पास लौटते देखा गया। उनकी बेचैन हरकतें और रहस्यमयी फोन कॉल्स ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है।
क्या है पूरा मामला?
20 मई 2025 को हनीमून के लिए मेघालय पहुंचे राजा और सोनम 23 मई को सोहरा (चेरापूंजी) के नोंग्रीट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए। इसके बाद दोनों गायब हो गए। उनकी स्कूटी ओसरा हिल्स के पास लावारिस मिली। 24 मई को सोनम ने आखिरी बार अपनी सास से बात की, फिर दोनों का कोई अता-पता नहीं। 6 जून को राजा की लाश मिली, लेकिन सोनम अब भी लापता है।
सीसीटीवी का चौंकाने वाला फुटेज
होटल के चार मिनट के वीडियो में सोनम सफेद कपड़ों में फोन पर बात करती दिख रही हैं। वह बार-बार स्कूटी से उतरकर दूर जातीं, फिर राजा के पास लौटकर फोन में कुछ दिखातीं। इसके बाद दोनों स्कूटी पर कहीं चले गए। पुलिस को शक है कि सोनम नेटवर्क की वजह से दूर जा रही थीं, लेकिन वह किससे बात कर रही थीं? यह सवाल जांच का केंद्र बन गया है।
नए सुराग, नई आशंकाएं
घटनास्थल से बरामद सफेद टी-शर्ट, टूटी मोबाइल स्क्रीन, स्मार्टवॉच और दवाइयां सोनम की हो सकती हैं। परिजनों को डर है कि लूटपाट के बाद राजा की हत्या हुई और सोनम को अगवा कर बांग्लादेश ले जाया गया। पुलिस इन सुरागों को जोड़कर सोनम की तलाश तेज कर रही है, लेकिन रहस्य गहराता जा रहा है।
बड़ा सवाल: सोनम की बेचैनी का राज क्या?
क्या सोनम की फोन कॉल्स और बेचैनी किसी खतरे की ओर इशारा थी? या फिर इस कहानी में कोई और किरदार शामिल है? पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से उम्मीद है कि जल्द ही इस मर्डर मिस्ट्री का सच सामने आएगा।
