चीन समेत भारत को भी घेरा

ट्रंप का टैरिफ 2 अप्रैल से




टैरिफ वॉर के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 5 मार्च को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जो देश हम पर जितना टैरिफ लगाएगा, हम उस पर उतना टैरिफ लगाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, अन्य देशों ने दशकों से हमारे खिलाफ टैरिफ का इस्तेमाल किया है। अब उन अन्य देशों के खिलाफ उनके हथियार का ही इस्तेमाल करने की हमारी बारी है। औसतन यूरोपीय संघ, चीन, ब्राजील, भारत… और अनगिनत अन्य देश हमसे बहुत अधिक टैरिफ वसूलते हैं। उनकी तुलना में हम उनसे कम टैरिफ लेते हैं। यह बहुत अनुचित है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस को संबोधित करते हुए भारत, चीन, दक्षिण कोरिया समेत कई देशों को अमेरिकी आयात पर उच्च शुल्क लगाने वाले देशों में रखा। उन्होंने कहा कि भारत हम पर 100 प्रतिशत ऑटो टैरिफ लगाता है। भारत समेत चीन मेक्सिको और कनाडा समेत कई देशों पर टैरिफ लगाएंगे। चीन दोगुना और दक्षिण कोरिया चार गुना ज्यादा टैरिफ लगाता है, जबकि हम उसे सैन्य सहायता देते हैं, लेकिन हम 2 अप्रैल से उस देश पर उतना टैरिफ लगाएंगे, जो देश हम पर जितना टैरिफ लगाता है। बता दें कि इसे रेसिप्रोकल टैरिफ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि वे जो भी कर हम पर लगाते हैं, हम उन पर कर लगाएंगे। यदि वे हमें अपने बाजार से बाहर रखने के लिए गैर-मौद्रिक टैरिफ लगाते हैं, तो हम उन्हें अपने बाजार से बाहर रखने के लिए गैर-मौद्रिक अवरोध लगाएंगे। यहां गौर करने वाली बात ये है कि हाल ही में ट्रंप ने पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान कहा था कि भारत को अमेरिका के पारस्परिक टैरिफ से नहीं बख्शा जाएगा और इस बात पर जोर दिया कि टैरिफ संरचना पर कोई भी मुझसे बहस नहीं कर सकता। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका मोमेंटम वापस आ गया है। हमारी रूह वापस आ गई है। हमारा गौरव वापस आ गया है। हमारा विश्वास लौटा है। अब अमेरिका के लोग अपने सभी सपनों को पूरा कर पाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में ये भी कहा, हमारा मानना है कि चाहे आप डॉक्टर हों, अकाउंटेंट हों, वकील हों या एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हों, आपको कौशल और योग्यता के आधार पर नियुक्त किया जाना चाहिए, न कि नस्ल या लिंग के आधार पर। 
    ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को कई दशक से लगभग हर देश ने लूटा है। अब हम ऐसा और नहीं होने देंगे। टैरिफ से भारी आमदनी होगी। इससे अप्रत्याशित नौकरियां पैदा होंगीं। उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल से अमेरिका आने वाले विदेशी कृषि उत्पादों पर नया टैरिफ लागू होगा। हम नई ट्रेड पॉलिसी लाएंगे, जो अमेरिका के किसानों के लिए शानदार होगी। मैं किसानों से प्यार करता हूं। गंदा और घटिया विदेशी सामान अमेरिका में आ रहा है, जो अमेरिकी किसानों को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी एल्युमिनियम, कॉपर, लंबर और स्टील पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया गया है। यह सिर्फ अमेरिकी नौकरियों की सुरक्षा के लिए नहीं हैं, ये हमारे देश की आत्मा की रक्षा करने के लिए हैं। ट्रंप ने मैक्सिको और कनाडा को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा, मैक्सिको ने अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर फेंटानाइल आने दिया इससे हजारों अमेरिकी मारे गए। हम कनाडा और मैक्सिको को सब्सिडी देते हैं, लेकिन अब और नहीं देंगे।