इंदौर। देश में लगातार आठ बार स्वच्छता में नंबर वन का खिताब हासिल कर चुके इंदौर ने नौवीं बार भी शीर्ष स्थान बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में दिल्ली से स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए छह सदस्यीय टीम शनिवार को इंदौर पहुंच गई। टीम ने शहर पहुंचते ही निरीक्षण शुरू कर दिया और अब 31 मई तक शहर के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का आकलन करेगी। स्वच्छता में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके इंदौर ने इस बार भी सर्वेक्षण के सभी मापदंडों को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। नगर निगम के अधिकारी लंबे समय से सर्वेक्षण दल के आगमन का इंतजार कर रहे थे। शनिवार को टीम के पहुंचते ही अधिकारियों ने उनके साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि दिल्ली से मिले निर्देशों के तहत टीम के सदस्य अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसमें शहर की प्रमुख सड़कें, सार्वजनिक स्थल, बाजार क्षेत्र, गली-मोहल्ले और बैक लेन तक शामिल हैं। टीम सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का बारीकी से मूल्यांकन करेगी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार भी इंदौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। 31 मई तक चलने वाले इस सर्वेक्षण के आधार पर टीम अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके बाद देश के सबसे स्वच्छ शहरों की रैंकिंग घोषित की जाएगी।इंदौरवासियों को उम्मीद है कि शहर एक बार फिर स्वच्छता का सिरमौर बनकर नौवीं बार देश में नंबर वन का ताज अपने नाम करेगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन कशियारी ग्राम पंचायत में गरीबो का हक मार रहे सरपंच,सचिव और रोजगार सहायक एक दिन में तीन गुमशुदा दस्तयाब, बड़नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई